नौगांव। डग्गामारी कर चल रहे टैक्सी वाहनों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं होने से गुस्साए टैक्सी चालकों ने बेमियादी हड़ताल शुरू कर दी है। यमुना वैली टैक्सी मालिक वेलफेयर एसोसिएशन से जुड़े करीब ढाई सौ टैक्सी वाहन हड़ताल में शामिल होने के कारण स्थानीय लोगों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
बता दें कि यमुना वैली टैक्सी मालिक वेलफेयर एसोसिएशन ने बड़कोट से देहरादून के बीच नियम विरुद्ध टैक्सी संचालन कर रहे चालकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। पूर्व में हड़ताल करने पर पुलिस एवं परिवहन विभाग ने इस संबंध में कार्रवाई का आश्वासन दिया था, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं होने से टैक्सी यूनियन से जुड़े चालकों में रोष है। जिसके चलते उन्होंने मंगलवार से टैक्सी वाहनों का संचालन बंद कर हड़ताल शुरू कर दी। इस दौरान टैक्सी चालकों ने नौगांव एवं बड़कोट में प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन कर डग्गामार वाहन चालकों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की।
एसोसिएशन के अध्यक्ष दीवान सिंह असवाल ने कहा कि डग्गामारी के चलते नियमानुसार वाहन चला रहे लोगों को आर्थिक नुकसान हो रहा है। इस संबंध में प्रशासन से कई बार शिकायत के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि मांग पूरी होने तक हड़ताल जारी रहेगी। इधर, टैक्सी वाहनों की हड़ताल के चलते लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बस सेवाओं की कमी और अधिकांश लिंक मोटर मार्गों पर यातायात टैक्सी वाहनों के भरोसे होने के कारण लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में खासी मशक्कत करनी पड़ी।