उत्तरकाशी। आईटीबीपी 12वीं वाहिनी के मुख्यालय मातली में नॉर्दर्न फ्रंट के इंटर फ्रंटियर योग प्रतियोगिता का आयोजन किया, जिसमें गढ़वाल, कुमाऊं और हिमाचल प्रदेश की दस बटालियनों के 62 योग प्रशिक्षित हिमवीरों ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर 12वीं वाहिनी मातली की टीम विजेता बनी।
मातली में 13-14 जून को आयोजित योग प्रतियोगिता में आईटीबीपी के नॉर्दर्न फ्रंट देहरादून के अंतर्गत आने वाली जोशीमठ, कुल्लू, गोचर, मातली, रिकांगपियो, सरान, देहरादून, महिडांडा, रामगढ़ एवं तालाबाग में तैनात बटालियनों ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता के दौरान बटालियनों के 62 योग प्रशिक्षित हिमवीरों ने विभिन्न योग आसनों का प्रदर्शन किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन कर 12वीं वाहिनी मातली ने विजेता का खिताब जीता, जबकि 17वीं वाहिनी रिकांगपियो हिमाचल की टीम दूसरे स्थान पर रही। बृहस्पतिवार को प्रतियोगिता के समापन पर 12वीं वाहिनी के सेनानी पवन कुमार ने विजेता-उपविजेता टीम को पुरस्कृत किया। इस मौके पर डिप्टी कमांडेंट विमलेश नेगी एवं अमित पाठक, चिकित्सा अधिकारी सचिन अग्रवाल आदि मौजूद रहे।