उत्तरकाशी। जिला पंचायत की बोर्ड बैठक दूसरे दिन हंगामे की भेंट चढ़ गई। ऐसे में जिला पंचायत अध्यक्ष जशोदा राणा को बैठक को पहले एक घंटे के लिए स्थगित करना पड़ा और बाद में सदस्यों का कोरम पूरा न होने के कारण अध्यक्ष ने बैठक को अगली तिथि तक के लिए स्थगित कर दिया।
जिला पंचायत सदस्यों के बीच लंबे समय से गुटबाजी चल रही है। सदस्य दो गुटों में बंटे हुए हैं। इसका असर बोर्ड बैठक में भी खुलकर नजर आ रहा है। दो दिवसीय बोर्ड बैठक के पहले दिन बृहस्पतिवार को कुछ प्रस्ताव जरूर पास हुए, लेकिन दूसरे दिन बैठक शुरू होते ही दो जिला पंचायत सदस्यों के बीच किसी मामले को लेकर कहासुनी हो गई। इस बीच उनके बीच मारपीट की नौबत भी पैदा हो गई थी। मामले को बढ़ता देख और हंगामे के बीच अध्यक्ष जशोदा राणा ने पहले एक घंटे के लिए बैठक को स्थगित किया। इसके बाद एक बजे फिर से बैठक बुलाई गई, लेकिन 25 सदस्यों में 10 ही सदस्य ही कक्ष में मौजूद रहे। जबकि बैठक का कोरम पूरा करने के लिए 16 सदस्यों की जरूरत होती है। ऐसे में कोरम पूरा न होने पर दूसरी तिथि तय होने तक अध्यक्ष को बैठक को टालना पड़ा। दूसरे दिन सभी विभागीय अधिकारी जिला पंचायत की बैठक में पहुंचे थे, लेकिन बैठक न होने के कारण अधिकारियों को फजीहत झेलनी पड़ी। जिला पंचायत अध्यक्ष जशोदा राणा ने बताया कि बैठक की अगली तिथि आगे तय की जाएगी।