उत्तरकाशी। चिह्नित राज्य आंदोलनकारी समिति के केंद्रीय प्रवक्ता डॉ. विजेंद्र पोखरियाल ने बताया कि दो अक्तूबर को समिति काला दिवस के रूप में मनाएगी। इस दिन सभी पदाधिकारी काली पट्टी व काली टोपी पहनकर मुख्यालयों में धरन देकर प्रदर्शन करेंगे। साथ ही एक ज्ञापन राष्ट्रपति को भी भेजेंगे।
समिति के केंद्रीय प्रवक्ता पोखरियाल ने बताया कि दो अक्तूबर 1994 को दिल्ली के लालकिले पर आहूत उत्तराखंड राज्य गठन रैली में शामिल होने जा रहे निहत्थे राज्य आंदोलनकारियों और महिलाओं पर उत्तर प्रदेश पुलिस ने रामपुर तिराहा मुजफ्फरनगर में अभद्र व्यवहार किया था। गुनहगारों को 23 साल के बाद भी दंडित नहीं किया गया है। इसलिए समिति दो अक्तूबर को काला दिवस के रूप में मनाएगी। केंद्रीय अध्यक्ष जेपी पांडे ने समिति के समस्त ब्लॉकस्तर से लेकर जिलास्तर व केंद्रीय पदाधिकारियों को दो अक्तूबर को काली पट्टी, काली टोपी, काले झंडे के साथ अपने अपने मुख्यालयों में प्रदर्शन करने के लिए कहा है।