आज उत्तराखंड समेत पांच राज्यों में मतदान की प्रक्रिया पूरी हो गई। अब सबकी नजर 10 मार्च पर है, जब मतगणना होगी और फिर प्रत्याशियों के जीत-हार का एलान होगा। हालांकि, इससे पहले अलग-अलग चैनलों की तरफ से एग्जिट पोल जारी किया गया।
उत्तराखंड विधानसभा चुनाव के नतीजे तो 10 मार्च को ही पता चलेंगे लेकिन आज अलग-अलग मीडिया चैनलों और एजेंसियों की तरफ से एग्जिट पोल जारी किए गए। इसमें दावा किया गया कि यहां भाजपा के हाथ से सत्ता जा सकती है। छह अलग-अलग न्यूज चैनलों और एजेंसियों ने दावा किया कि राज्य की कमान फिर से कांग्रेस को मिल सकती है।
विज्ञापन
हालांकि, चार एग्जिट पोल में भाजपा की पूर्ण बहुमत वाली सरकार बनने का दावा किया गया है। इस खबर में हम आपको बताएंगे कि ये एग्जिट पोल कितना सही हो सकता है? 2017 में जो एग्जिट पोल जारी किए गए थे, वो कितने सही थे और कितने गलत?
पहले जान लीजिए इस बार के एग्जिट पोल में क्या है?
उत्तराखंड विधानसभा चुनाव
- फोटो : अमर उजाला
1. एबीवी सी-वोटर : भाजपा गंवा देगी सत्ता, कांग्रेस की बनेगी सरकार
एबीपी सी-वोटर ने दावा किया है कि इस बार उत्तराखंड में भाजपा सत्ता गंवा देगी। कांग्रेस पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बना सकती है। एग्जिट पोल के अनुसार इस बार भाजपा को 26 से 32 सीटें मिल सकती हैं। वहीं, कांग्रेस के 32 से 38 प्रत्याशी जीत सकते हैं। आम आदमी पार्टी को शून्य से दो और अन्य के खाते में तीन से सात सीटें जा सकती हैं।
2. न्यूज24-चाणक्य : भाजपा को फिर मिल सकती है कमान
न्यूज 24 चाणक्य के एग्जिट पोल के अनुसार उत्तराखंड में एक बार फिर से भाजपा की सरकार बन सकती है। भाजपा को 43 सीटें मिलने का अनुमान है। कांग्रेस के खाते में 24 और अन्य को तीन सीटें मिल सकती हैं।
3. टाइम्स नाउ वीटो : भाजपा की सरकार को पूर्ण बहुमत
टाइम्स नाउ वीटो के सर्वे में दावा किया गया है कि एक बार फिर से उत्तराखंड में भाजपा की सरकार सत्ता हासिल कर लेगी। सर्वे में भाजपा को सबसे ज्यादा 37 सीटें मिलने का दावा किया गया। वहीं, कांग्रेस को 31, आम आदमी पार्टी को एक और अन्य के खाते में एक सीटें दिखाई गई हैं।
4. डीबी लाइव : भाजपा को झटका, कांग्रेस की सरकार का दावा
डीबी लाइव के सर्वे में भारतीय जनता पार्टी को बड़ा झटका लगा है। दावा किया गया है कि उत्तराखंड में कांग्रेस की सरकार बनने जा रही है। कांग्रेस को 40 से 46 सीटें मिल सकती हैं। भाजपा के खाते में 22 से 28 सीटें दिखाई गई हैं। आम आदमी पार्टी को शून्य से दो और अन्य के खाते में भी शून्य से दो सीटें जा सकती हैं।
5. इंडिया न्यूज, जन की बात : भाजपा सरकार को पूर्ण बहुमत, कांग्रेस पीछे
इंडिया न्यूज जन की बात के एग्जिट पोल में भारतीय जनता पार्टी को पूर्ण बहुमत मिलने का दावा किया गया है। भाजपा को 32 से 41 सीटें मिल सकती हैं। वहीं, कांग्रेस के खाते में 27 से 35 सीटें जा सकती हैं। बसपा और आम आदमी पार्टी एक-एक सीट पर जीत हासिल कर सकती है। अन्य के खाते में तीन सीटें दिखाई गई हैं।
6. न्यूज एक्स : भाजपा को पीछे छोड़ कांग्रेस निकली आगे, कांटे की टक्कर
न्यूज एक्स के एग्जिट पोल में भाजपा और कांग्रेस के बीच बड़ी टक्कर दिखाई गई है। एग्जिट पोल में दावे किए गए हैं कि भाजपा को इस बार 31 से 33 सीटों के बीच ही संतोष करना पड़ेगा। कांग्रेस को 33 से 35 सीटें तक मिल सकती हैं। वहीं आम आदमी पार्टी के खाते में शून्य से तीन और अन्य के खाते में शून्य से दो सीटें जा सकती हैं।
7. जी न्यूज : भाजपा की सरकार आउट, कांग्रेस के हाथ जा सकती है सत्ता
जी न्यूज के एग्जिट पोल में भारतीय जनता पार्टी को बड़ा झटका लगा है। सर्वे के मुताबिक, इस बार भाजपा के हाथ से उत्तराखंड जाता दिख रहा है। एग्जिट पोल में भाजपा को महज 26 से 30 सीटें मिल सकती हैं। वहीं, कांग्रेस पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बना सकती है। कांग्रेस को इस बार 35 से 40 सीटें मिल सकती हैं। बसपा के खाते में दो से तीन और अन्य के पास एक से तीन सीटें जा सकती हैं।
8. टीवी 9 भारतवर्ष : कांग्रेस फिर वापस सत्ता में आएगी, भाजपा होगी आउट
टीवी 9 भारतवर्ष में भी भाजपा और कांग्रेस के बीच कांटे की टक्कर दिखाई गई है। हालांकि, एग्जिट पोल के मुताबिक, कांग्रेस यहां सरकार बना सकती है, वहीं भाजपा के हाथ से सत्ता चली जाएगी। पोल के दावे के अनुसार इस बार बीजेपी को 31 से 33, कांग्रेस को 33 से 35 सीटें मिल सकती हैं। आम आदमी पार्टी के खाते में शून्य से तीन और अन्य के पास शून्य से दो सीटें जा सकती हैं।
9. रिपब्लिक पी मार्क : कांग्रेस को मिल सकती है सत्ता, भाजपा पीछे
रिपब्लिक पी मार्क के एग्जिट पोल में भी भाजपा को झटका लगा। पोल के मुताबिक, इस बार उत्तराखंड में कांग्रेस की पूर्ण बहुमत की सरकार बन सकती है। भाजपा सत्ता से बाहर हो सकती है। एग्जिट पोल के मुताबिक, भाजपा को 29 से 34, कांग्रेस को 33 से 38, बसपा को एक से तीन और अन्य के खाते में एक से तीन सीटें जा सकती हैं।
10. इंडिया टीवी/सीएनएक्स : पूर्ण बहुमत के साथ फिर से सरकार बना सकती है भाजपा
इंडिया टीवी सीएनएक्स के एग्जिट पोल में भाजपा की सरकार फिर से बनने का दावा किया गया है। सर्वे के मुताबिक, भाजपा को 35 से 43, कांग्रेस को 24 से 32 सीटें मिल सकती हैं। आम आदमी पार्टी को शून्य सीटें दिखाई गई हैं। वहीं, अन्य के खाते में दो से चार सीटें जा सकती हैं।
पिछली बार एग्जिट पोल ने क्या बताया था और नतीजे क्या निकले?
उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2022
- फोटो : अमर उजाला
2017 उत्तराखंड विधानसभा चुनाव में टुडेज चाणक्य ने भाजपा को 53 सीटें दी थीं, जबकि एक्सिस के सर्वे में भाजपा को 49 सीटें मिलने का अनुमान जताया गया था। नतीजे में भाजपा को किसी भी सर्वे से ज्यादा सीटें मिलीं। नतीजों में भाजपा को 57 सीटें मिलीं, जबकि कांग्रेस महज 11 सीटें ही जीत पाई। दो सीटों पर निर्दलीय जीतने में सफल रहे। मतलब ज्यादातर सर्वे में बताया गया था कि भाजपा की सरकार बनेगी और नतीजे आए तो यही हुआ।
एजेंसी
भाजपा
सपा
अन्य
न्यूज 24 चाणक्य
53
15
02
इंडिया टुडे एक्सिस
46-53
12-21
02-06
एबीपी न्यूज-सीएसडीएस
34-42
23-29
03-09
इंडिया टीवी सी वोटर्स
29-35
32
05
औसत
48
20
05
क्या कहते हैं विशेषज्ञ?
राजनीतिक विश्लेषक प्रो. अजय कुमार सिंह कहते हैं, 'एग्जिट पोल एकदम सटीक नहीं होते हैं। पोल के नतीजों और असली नतीजों में अंतर हो सकता है। कई बार पोल बिल्कुल गलत साबित होते हैं तो कई बार नतीजे आस-पास ही आते हैं। ऐसा तब होता है जब ज्यादा सैंपल लिए जाते हैं। ज्यादा सैंपल लिए जाने पर पोल के सही होने की संभावना बढ़ जाती है। हालांकि, ग्रामीण इलाकों में सर्वे की टीम नहीं पहुंच पाती है। इसके चलते इन पोल्स पर पूरी तरह से भरोसा नहीं किया जा सकता है।