खटीमा। ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। उसका दो माह पहले ही विवाह हुआ था। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। उसकी मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
सोमवार देर शाम मोहनपुर-जादोपुर निवासी अभिषेक राणा (20) पुत्र ज्याल सिंह घर से बाइक लेकर नानकसागर मिठाई लेने आया था। घर लौटते वक्त प्रतापपुर-सत्रहमील मार्ग पर ग्राम नगला के पास सामने से आ रहे ट्रैक्टर चालक ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रुप से घायल हो गया। आसपास के लोगों ने उसे उप जिला चिकित्सालय पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
बताया जा रहा है कि अभिषेक का दो माह पहले ही विवाह हुआ था। मौत की सूचना पर पत्नी ज्योति बेसुध है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। अभिषेक का एक छोटा भाई जितेंद्र है।