रामाशंकर उर्फ बाबू। (फाइल फोटो)
- फोटो : अमर उजाला
दोस्तों के साथ जंगल स्थित मंदिर गए युवक पर अंधड़ के दौरान पेड़ टूट गिर पड़ा, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृत युवक जूते-चप्पलों की मरम्मत कर परिवार का गुजर बसर करता था। उसकी मौत से परिजनों में कोहराम मचा है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लिया।
वार्ड संख्या एक निवासी रामाशंकर उर्फ बाबू (24) पुत्र स्व. लालकरण मंगलवार शाम अपने कुछ साथियों के साथ नगर से करीब डेढ़ किमी दूर बाराकोली वन रेंज स्थित वन शक्ति मंदिर गया था। बाबू और उसके साथी मंदिर से करीब 50 मीटर दूर पेड़ों के नीचे बैठकर बातचीत कर रहे थे। शाम करीब 6:45 बजे अचानक आंधी चलने पर बाबू और उसके साथी मंदिर की ओर भागे।
इसी दौरान विशालकाय यूकेलिप्टिस के पेड़ का ऊपरी हिस्सा टूटकर बाबू के ऊपर गिर पड़ा, जिससे उसकी मौत हो गई। घबराए साथियों ने नगर पहुंच लोगों को घटना से अवगत कराया। नगर पंचायत के निवर्तमान अध्यक्ष सुकांत ब्रह्म ने चौकी पुलिस को घटना की जानकारी दी। मृतक अपने पीछे पत्नी रानी, एक साल के बेटे और मां को रोता बिलखता छोड़ गया है।