जसपुर के गांव राजपुर में एक महिला का शव संदिग्ध हालात में गन्ने के खेत में पेड़ पर लटका मिला। बेटियों के अनुसार जब उन्हें अपनी मां शव दिखा तो उनके पैर जमीन से छू रहे थे। उन्होंने पिता पर मां की हत्या का आरोप लगाया। इस पर पुलिस आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
राजपुर गांव निवासी हरिराज सैनी अपनी पत्नी आशा देवी (45) और बेटियों सोनम (20) व कल्पना (14) के साथ बृहस्पतिवार शाम पशुओं के लिए चारा लेने गया था। शाम को उसने बेटियों को घर भेजते हुए कहा कि वह थोड़ी देर में घर आ जाएंगे। देर शाम पिता घर लौटा तो बेटियों ने उससे मां के बारे में जानकारी ली। इस पर उसने आसपास गई होगी आ जाएगी कहकर उन्हें टरका दिया।काफी देर तक भी जब मां नहीं लौटी तो बेटियों को शक हुआ और वह आशा की तलाश करते हुए गन्ने के खेतों में पहुंची। यहां उन्हें यूकलिप्टस के पेड़ पर मां का शव लटका मिला था। बेटियों के अनुसार मां के पैर जमीन को छू रहे थे। उन्होंने इसकी जानकारी पिता को दी तो तीनों शव उतारकर घर ले आए और पुलिस को सूचना दी। इधर बेटियों ने पिता पर मां की हत्या करने का आरोप लगाया है। इस पर पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया। कोतवाल हरेंद्र चौधरी ने बताया कि पुलिस मृतका के पति से पूछताछ कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर ही हत्या या आत्महत्या का पता चलेगा।
बेटियां बोली- शराब के लिए पैसे मांगकर पीटता है पिता
11 महीने पहले जेल से छूटकर घर आया था हरिराज
ग्रामीणों ने बताया कि हरिराज सिंह का चाल-चलन अच्छा नहीं है। शराब पीने का आदी है। शराब पीकर पत्नी एवं बच्चों से रोजाना लड़ाई करता है। ठाकुरद्वारा पुलिस ने उसे किसी मामले में जेल भेजा था। 11 महीने पहले ही वह जेल से छूटकर घर आया था। घटना को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चा हो रही हैं। पुलिस भी आत्महत्या या हत्या में उलझी मौत की पहेली को सुलझाने में जुटी है।
जसपुर के राजपुर गांव निवासी आशा देवी के शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। अभी मौत का कारण स्पष्ट नहीं हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। उसके बाद आगे की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।