रुद्रपुर में महिला ने एक परिवार के महिला सहित तीन लोगों पर उसके पति को साजिशन जहरीला पदार्थ खिलाने का आरोप लगाया है। अदालत के आदेश पर पुलिस ने तीनों पर केस दर्ज किया है। वार्ड नंबर 18 खेड़ा काॅलोनी निवासी रुखसाना ने मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट न्यायालय को प्रार्थनापत्र दिया। बताया कि उसके पति मो. साहिद ई-रिक्शा चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। दो नवंबर 2023 की सुबह खेड़ा काॅलोनी निवासी चांद उनके घर पर आया था। उसने कहा कि उसकी मां रिहाना औोर भाई विक्की को कहीं जाना है। इस पर पति ई-रिक्शा लेकर उसके साथ चले गए।
दोपहर 12 बजे उनको सूचना मिली कि पति किच्छा बाईपास रोड पर बेहोशी की हालत में पड़े हैं। उसने परिजनों सहित मौके पर पहुंचकर पति को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। दो दिन बाद उन्हें सुशीला तिवारी अस्पताल हल्द्वानी ले गए, जहां उनका इलाज चल रहा है। पति की हालत नाजुक बनी हुई है।