रुद्रपुर में वरुणा को पुष्पगुच्छ देते मेयर व एमएनए।
- फोटो : RUDRAPUR
सिविल सर्विसेज परीक्षा में 38वीं रैक हासिल करने वाली वरुणा अग्रवाल को बधाई देने और सम्मानित करने का सिलसिला जारी है। मेयर रामपाल सिंह और मुख्य नगर आयुक्त विशाल मिश्रा ने वरुणा को उनके निवास पर पहुंचकर सम्मानित किया। उन्होंने वरुणा के पिता सुबोध अग्रवाल समेत उनके परिवारजनों को पुष्पगुच्छ भेंट किया।
मेयर रामपाल सिंह ने कहा कि वरुणा अग्रवाल ने न सिर्फ रुद्रपुर शहर का बल्कि पूरे उत्तराखंड का मान बढ़ाया है। वरुणा अग्रवाल की इस सफलता से सिविल सेवा की तैयारी कर रहे अन्य युवाओं को भी प्रेरणा मिलेगी। वहां पर वरिष्ठ भाजपा नेता उत्तम दत्ता, विकास शर्मा, रोहित मित्तल, विनय विश्वास, विधान राय आदि मौजूद रहे। इधर वरिष्ठ भाजपा नेता भारत भूषण चुघ ने भी वरुणा के आवास पर पहुंचकर पुष्पगुच्छ देकर उनको बधाई दी। वहां पर मुकेश वशिष्ठ, मनदीप, राज कोली, नीलकंठ राणा सहित अनेक मौजूद रहे।
अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन (उत्तराखंड पूर्व) ने वरुणा अग्रवाल को सम्मानित करते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। इसके साथ ही उनके पिता अग्र बंधु सुबोध अग्रवाल और माता डॉ. साधना अग्रवाल को भी बधाई दी है। वहां पर सम्मेलन के प्रदेश चेयरमैन ताराचंद्र अग्रवाल, प्रदेश अध्यक्ष श्रीकृष्ण मित्तल, प्रदेश अध्यक्ष महिला प्रकोष्ठ उमा गर्ग, कोषाध्यक्ष हरिशंकर अग्रवाल, श्रीओम अग्रवाल मौजूद रहे। (संवाद)