तराई केंद्रीय वन प्रभाग के टांडा रेंज में सड़क पार करते समय कार की चपेट में आकर मरने वाला बाघ करीब नौ फुट लंबा था। कार की टक्कर से सिर पर लगी गहरी चोट लगने से उसकी मौत हुई थी। वीडियोग्राफी के बीच दो पशु डॉक्टरों ने बाघ के शव का पोस्टमार्टम किया। मामले में टांडा रेंज में कार चला रहे बैंक अधिकारी के खिलाफ वन अपराध दर्ज कराया है।
शनिवार रात टांडा जंगल में हल्द्वानी रोड फांद रहा बाघ कार की चपेट में आ गया और उसकी मौत हो गई थी। हादसे में कार चला रहे एसबीआई की गदरपुर शाखा के प्रबंधक हरिमोहन गर्ब्याल घायल हो गए थे।
ये पढ़ें- Uttarakhand: भाजपा को सत्ता से बेदखल करना है भाकपा माले का एकमात्र लक्ष्य, केंद्र सरकार रौंद रही संविधान: राजा
कार भी बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई थी। घायल हरिमोहन को इलाज के लिए हल्द्वानी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम ने बाघ के शव को टांडा रेंज कार्यालय पहुंचाया। रविवार को मृत बाघ की नपत करने के बाद नैनीताल और रुद्रपुर से पहुंचे पशु चिकित्सकों ने पोस्टमार्टम की कार्रवाई की। इसकी वीडियोग्राफी भी कराई गई। इसके बाद शव को नष्ट कर दिया गया।वन विभाग के अनुसार नर बाघ की लंबाई नौ फुट की थी और उम्र करीब आठ साल थी।