रुद्रपुर। चिकित्सकों की कमी से जूझ रहे जिले के लिए अच्छी खबर है। स्वास्थ्य महानिदेशालय ने जिले के सरकारी अस्पतालों को 18 चिकित्सक आवंटित किए हैं। जिले के तीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (टाइप ए) में भी चिकित्साधिकारियों के तैनाती के आदेश जारी हुए हैं। पीएचसी के एक चिकित्सक का जिले में ही अन्यत्र स्थानांतरण हुआ है।
प्रदेश की प्रभारी स्वास्थ्य महानिदेशक डॉ. सुनीता टम्टा की ओर से बीते 10 जून को जारी आदेश के अनुसार बागेश्वर के पालड़ीछीना अस्पताल से डाॅ. कनुप्रिया चौहान को पीएचसी मोहनपुर (गदरपुर) स्थानांतरित किया गया है। जिला अस्पताल चंपावत से डाॅ. ममता राणा को पीएचसी साधुनगर नानकमत्ता, पीएचसी महुआखेड़ागंज (यूएस नगर) से डाॅ. सुरभि नारायणी को पीएचसी नगला तराई, पौड़ी गढ़वाल से डाॅ. महेंद्र सिंह को सीएचसी किच्छा, पौड़ी से डाॅ. अजीत प्रताप सिंह को उप जिला अस्पताल काशीपुर, उत्तरकाशी से डाॅ. पारुल को सीएचसी बाजपुर स्थानांतरित किया गया है।
रानीखेत से डाॅ. अपर्णा सिंह को सीएमओ कार्यालय, बागेश्वर से डॉ. राशिदा रहमान को सीएमओ कार्यालय, डॉ. नसीम अहमद को सीएमओ कार्यालय, बागेश्वर से डॉ. गुंजन आर्य को उप जिला अस्पताल खटीमा, डाॅ. सत्यवीर सिंह को नैनीताल से उप जिला अस्पताल काशीपुर, डाॅ. रवि कुमार को चंपावत से उप जिला अस्पताल खटीमा, डाॅ. मोहम्मद इमरान को पिथौरागढ़ से सीएमओ कार्यालय, डाॅ. रितु खानी को अल्मोड़ा से सीएमओ कार्यालय, पैथोलॉजिस्ट डॉ. संदीप कुमार दीक्षित को अल्मोड़ा से उप जिला अस्पताल काशीपुर, पैथोलॉजिस्ट डाॅ. अजय मोहन शर्मा को बागेश्वर से जिला अस्पताल, डॉ. चंद्रा पंत को रामनगर से उप जिला अस्पताल काशीपुर, डाॅ. आराधना दीक्षित को अल्मोड़ा से उप जिला अस्पताल काशीपुर, नेत्र सर्जन डॉ. सत्य प्रकाश त्रिपाठी को बागेश्वर से जिला अस्पताल स्थानांतरित किया गया है।
प्रतिस्थानी की बाध्यता
स्थानांतरित किए गए 19 चिकित्सकों (जिले में ही स्थानांतरित चिकित्सक समेत) में से 17 चिकित्सकों को प्रतिस्थानी की उपलब्धता पर ही कार्यमुक्त करने का स्पष्ट उल्लेख आदेश में है। केवल दो चिकित्सक उप जिला अस्पताल रामनगर से उप जिला अस्पताल काशीपुर स्थानांतरित की गईं संयुक्त निदेशक रैंक की डॉ. चंद्रा पंत और उप जिला अस्पताल रानीखेत से उप जिला अस्पताल काशीपुर स्थानांतरित की गईं चिकित्साधिकारी डॉ, आराधना दीक्षित के स्थानांतरण आदेश में इस तरह की बाध्यता नहीं है। प्रतिस्थानी की बाध्यता के चलते कितने डॉक्टर कार्यभार ग्रहण करते हैं, यह आने वाले दिनों में सामने आएगा।
जिले के दो चिकित्सकों का अन्यत्र ट्रांसफर
शासन के चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा अनुभाग के उप सचिव अनूप कुमार मिश्रा की ओर से 10 जून को जारी आदेश के अनुसार सीएमओ कार्यालय में तैनात वरिष्ठ चिकित्साधिकारी डॉ. तपन कुमार शर्मा का प्रभारी अधीक्षक जिला अस्पताल बागेश्वर के पद पर स्थानांतरण किया गया है। उप जिला अस्पताल काशीपुर के हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. राजीव कुमार गांधी को उप जिला अस्पताल लोहाघाट स्थानांतरित किया गया है।