काशीपुर में नशीली दवाओं के साथ आरोपी।
- फोटो : अमर उजाला
नशे के खिलाफ अभियान चलाकर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने राज्य की सीमा से सटे यूपी के ठाकुरद्वारा और मुरादाबाद से प्रतिबंधित नशे की दवाई और इंजेक्शन लाकर यहां बेचने वाले दो लोगों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से दो हजार प्रतिबंधित इंजेक्शन और 2400 नशे की गोलियां बरामद की हैं। बरामद इंजेक्शन और गोलियां एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों के तहत साइको टॉपिक ड्रग्स है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में नशे के खिलाफ पुलिस व्यापक अभियान चला रही है। एएसपी डॉ. जगदीश चंद्र और सीओ राजेश भट्ट के निर्देशन में नशे के कारोबार रोकने के लिए कोतवाल चंचल शर्मा के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया है।
सोमवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने तहसील गेट पर के पास बाइक सवार दो लोगों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों ने अपना नाम वसीम अंसारी पुत्र रफीक अंसारी निवासी महुआखेड़ा गंज थाना आईटीआई और मेहंदी हसन पुत्र दिले हसन निवासी ग्राम कट्टैय्या थाना आईटीआई बताया। तलाशी लेने पर दोनों के पास से दो हजार नशीले प्रतिबंधित इंजेक्शन और 24 सौ गोलियां बरामद हुई।
मंगलवार को घटना का खुलासा करते हुए एएसपी डॉ. जगदीश चंद्र ने बताया कि पकड़े गए दोनों आरोपियों की महुआखेड़ा गंज में अंसार मेडिकल स्टोर के नाम से दुकान है। मेडिकल स्टोर का लाइसेंस पकड़े गए आरोपियों के भाई का है, जिसे निरस्त करने के लिए स्वास्थ्य विभाग को लिखा जाएगा।
वह मुरादाबाद और ठाकुरद्वारा से इंजेक्शन व गोलियां खरीदकर लाते हैं। सरकारी अस्पताल के चिकित्सकों से सत्यापन कराने पता चला कि बरामद दवाइयां एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों के तहत साइको टॉपिक ड्रग्स हैं। एएसपी ने बताया कि आरोपियों से प्रतिबंधित रेक्सोजेसिक के 15 सौ इंजेक्शन, डाईजापाम के सौ इंजेक्शन, प्रतिबंधित एल्प्रोजोलाम की 24 सौ पिल्स और एविल के चार सौ इंजेक्शन बरामद हुए हैं। टीम में कोतवाल चंचल शर्मा, एसएसआई विरेंद्र रमोला, एसआई जसविंदर सिंह, महेश जोशी, कांस्टेबल कुलदीप सिंह, देवेंद्र सिंह आदि शामिल थे।