काशीपुर। काशीपुर की पुष्पक विहार महादेव कॉलोनी में बुधवार को बारिश के पानी से भरे एक खाली प्लॉट में डूबने से छह वर्षीय दो मासूमों की मौत हो गई। पुलिस ने दोनों बच्चों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। पुलिस और प्रशासन मामले की जांच पड़ताल में जुटा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुष्पक विहार महादेव कॉलोनी निवासी छह वर्षीय देव पुत्र राजेंद्र और छह वर्षीय मयंक उर्फ विष्णु पुत्र नन्हे बुधवार दोपहर घर के पास स्थित खाली प्लॉट में भरे बारिश के पानी में नहाने गए थे। बताया गया कि प्लॉट में पानी के नीचे गहरा गड्ढा था, जिसमें दोनों बच्चे चले गए और डूबने लगे। आसपास खेल रहे बच्चों के शोर मचाने पर स्थानीय निवासी राजेंद्र और अमन रुहेला मौके पर पहुंचे और दोनों को बाहर निकाला।
दोनों बच्चों को एलडी भट्ट राजकीय उप जिला चिकित्सालय ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे और वहां चीख-पुकार मच गई। दोनों मृतक मजदूर परिवारों से थे।
घटना की सूचना पर तहसीलदार पंकज चंदोला सहित प्रशासनिक टीम ने मौके का निरीक्षण कर रिपोर्ट तैयार की। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रशासन पूरे मामले की जांच कर रहा है और खाली प्लॉट में इस तरह पानी जमा रहने के लिए भूखंड स्वामी की जिम्मेदारी भी तय की जा रही है।
कोट
खाली प्लॉट में भरे पानी में नहाते समय दोनों मासूम डूब गए। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जा रहे हैं। पूरे मामले की जांच की जा रही है। - पंकज चंदोला, तहसीलदार, काशीपुर