रुद्रपुर में तस्करों के पास से बरामद किए गए कछुए।
- फोटो : RUDRAPUR
पुलिस की एसओजी टीम ने मंगलवार को पुलभट्टा के पास से दो लोगों को 190 कछुओं के साथ गिरफ्तार किया है। पकड़े गए दोनों तस्करों के खिलाफ वन्य जीव संरक्षण अधिनियम के तहत केस दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया।
एसएसपी डीएस कुंवर ने पुलिस कार्यालय में खुलासा करते हुए बताया कि पुलभट्टा के पास बरेली रोड स्थित यूपी बॉर्डर पर वन विभाग की चौकी के पास कार को रोका। कार में दिनेशपुर निवासी प्रहलाद मंडल और ट्रांजिट कैंप निवासी विष्णु डे बैठे थे। कार की तलाशी लेने पर तीन बोरियों में 190 जिंदा कछुए बरामद हुए, जिनका वजन करीब डेढ़ क्विंटल था। कार में एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू भी मिला। आरोपी प्रहलाद ने बताया कि कछुओं को वह एक लाख रुपये में करहैल (इटावा) से खरीदकर लाया था, जिन्हें वे स्वयं शक्तिफार्म में बेच देते हैं। उसने बताया कि वे कछुओं को काटकर एक हजार रुपये प्रति किलो की दर से बेचते हैं।
एसएसपी ने बताया कि बरामद कछुओं की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में करीब 38 लाख रुपये है। तस्करी में इस्तेमाल कार को सीज कर दिया गया है। तस्करों के पास दो मोबाइल फोन और पांच हजार रुपये नगद भी मिले हैं।
रुद्रपुर पुलिस कार्यालय में एसओजी की हिरासत में कछुआ तस्कर।- फोटो : RUDRAPUR