कबाड़ के गोदाम में भीषण आग लग गई। फायर ब्रिगेड की चार गाड़ियों ने चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन आग का बार-बार भड़कना जारी था। सुबह के समय आसमान में छाया काला धुआं देखकर लोग भयभीत हो गए।
गदरपुर दिनेशपुर मार्ग पर भाखड़ा पुल के पास ग्राम रामकोट नं0-6 को जाने वाले मोड़ पर मुंबई निवासी रहीम खान पुत्र सलाउद्दीन का कबाड़ का गोदाम है। सुबह करीब 5 बजे रहीम खान की आंख खुली तो धुएं के काले बादल देखकर उसके होश उड़ गए। गोदाम में रखे पुराने कबाड़ और प्लास्टिक की पन्नियों के ढेर में आग लगी हुई थी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया।
रहीम खान ने तत्काल पुलिस को आग लगने की सूचना दी। सूचना मिलने पर दिनेशपुर और गदरपुर से भारी पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गई। आग की सूचना मिलने पर रुद्रपुर से फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाने का प्रयास किया, लेकिन आग की विकरालता को देखकर दो और गाड़ियों को बुलाया गया। रुद्रपुर फायर स्टेशन के सीएफओ एनएस कुंवर और एफओ हरीश गिरी के अलावा गदरपुर थाने से उपनिरीक्षक दिनेश बल्लभ ने स्वयं मौके पर पहुंचकर आग लगने एवं उसको काबू में करने के लिए फायर फाइटर्स का मार्गदर्शन किया। उन्हाेंने गदरपुर दिनेशपुर मार्ग पर वाहनों की आवाजाही के चलते कोई अप्रिय घटना की पुनरावृत्ति न होने देने के लिए सबसे पहले मार्ग किनारे रखे गये कबाड़ में लगी आग पर काबू पाने का प्रयास किया। फायर फाईटर्स द्वारा गदरपुर चीनी मिल, गत्ता फैक्ट्री एवं मोनाड पैकेजिंग फैक्ट्री में लगे पानी के पंपों से पानी ला-लाकर करीब चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन आग के कई बार भड़क-भड़क कर जल उठने से काफी मुश्किलों का भी सामना करना पड़ा।