रुद्रपुर में नामांकन कार्यालय से नामांकन पत्र प्राप्त करते लोग।
- फोटो : RUDRAPUR
रुद्रपुर। बिगवाड़ा मंडी में जिले की नौ विधानसभा सीटों के स्ट्रांग रूम बनाए जा रहे हैं। इसमें मतदान की शाम को प्रत्येक विधानसभा सीट की वीवीपैट और ईवीएम सील कर दी जाएंगी। इसके साथ ही कोविड-19 को देखते हुए इस बार बिगवाड़ा मंडी में बैरिकेडिंग भी बढ़ा दी गई है।
राज्य में विधानसभा चुनाव के लिए बिहार और जम्मू कश्मीर से हजारों वीवीपैट व ईवीएम आईं थीं। निर्वाचन आयोग की ओर से जिला मुख्यालय के कलक्ट्रेट परिसर में ईवीएम व वीवीपैट का वेयर हाउस बनाया गया है। यहां से वीवीपैट और ईवीएम को 1485 मतदेय स्थलों में पहुंचाया जाएगा।
मतदान होने के बाद मशीनों को बिगवाड़ा मंडी में बनाए गए नौ विधानसभाओं के स्ट्रांग रूम में रख दिया जाएगा। स्ट्रांग रूम को सील कर केंद्रीय सुरक्षा बल की सुरक्षा में छोड़ दिया जाता है। लोनिवि के अधीक्षण अभियंता महिपाल रावत ने कहा कि मशीनों को रखने के लिए बिगवाड़ा में नौ विधानसभाओं के नौ स्ट्रांग रूम तैयार किए जा रहे हैं। तीन दिन में स्ट्रांग रूम बन जाएगा। कोरोना संक्रमण को देखते हुए बैरिकेडिंग भी बढ़ाए गई है।
कोरोना संक्रमण को देखते हुए 30 प्रतिशत कर्मचारी रिजर्व
रुद्रपुर। विधानसभा चुनाव में कोरोना संक्रमण के खतरे को देखते हुए इस बार 30 प्रतिशत कर्मचारियों को ड्यूटी में रिजर्व रखा गया है। कुल 9000 कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई हैं। इसमें से 2500 कर्मचारियों को रिजर्व में रख दिया है। ताकि किसी कर्मचारी की तबीयत बिगड़े तो दूसरा कर्मचारी चुनाव ड्यूटी में लग जाए। संवाद
मतदान कार्मिकों को भोजन के लिए मिलेंगे 150 रुपये
रुद्रपुर। मतदान कर्मचारियों को खाना खाने के लिए 150 रुपये प्रतिदिन के हिसाब से तीन दिन के 450 रुपये दिए जाएंगे। इसके साथ ही जिला प्रशासन की ओर से स्वयं सहायता समूह या अन्य कई वेंडरों के मतदेय स्थलों के बाहर खाने के स्टॉल लगाए जाएंगे। संवाद