बाजपुर। गांव गोबरा नंबर आठ में संगत के सहयोग से बनाए गए नए गुरुद्वारा साहिब के भवन में सोमवार को विधिवत रूप से गुरु ग्रंथ साहिब का प्रकाश किया गया।
सोमवार को गुरुद्वारा साहिब बाजपुर से गांव गजरौजा स्थित गुरुद्वारा नानकसर ठाठ के मुख्य सेवादार बाबा प्रताप सिंह के मार्गदर्शन में श्री गुरु ग्रंथ साहिब महाराज की सवारी को पांच प्यारों की अगुवाई में श्रद्धा पूर्वक संगत की ओर से शोभायात्रा निकालकर ले जाया गया।
इस दौरान विभिन्न स्थानों पर संगत ने श्री गुरु ग्रंथ साहिब महाराज का पुष्प वर्षा कर भव्य स्वागत किया। मार्ग पर जगह-जगह स्वागत द्वार बनाए गए। प्रसाद वितरण किया गया। इटव्वा चौराहे पर बाजपुर गुरुद्वारा प्रबंध कमेटी अध्यक्ष कुलविंदर सिंह किंदा, गन्ना विकास सलाहकार समिति सह अध्यक्ष मंजीत सिंह, पूर्व दायित्वधारी राजेश कुमार, किसान नेता जगतार सिंह बाजवा, पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष जितेंद्र शर्मा आदि की ओर से श्री गुरु ग्रंथ साहिब महाराज की शोभायात्रा का स्वागत किया गया वहां एडवोकेट जरनैल सिंह, पंथ सिंह, हरवीर सिंह, स्वयंवर सिंह, दारा सिंह आदि रहे।