रुद्रपुर। पूर्वोत्तर रेलवे ने यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए लालकुआं-प्रतापनगर के बीच विशेष ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। यह ट्रेन किच्छा, बरेली होते हुए चलेगी और नौ अतिरिक्त फेरों में यात्रियों को सुविधा देगी।
मुख्य जनसंपर्क अधिकारी पूर्वोत्तर रेलवे गोरखपुर सुमित कुमार ने बताया कि ट्रेन संख्या 09119 प्रतापनगर-लालकुआं विशेष गाड़ी 27 सितंबर तक नौ अतिरिक्त फेरों के लिए चलाई जाएगी। इसी तरह ट्रेन संख्या 09120 लालकुआं-प्रतापनगर विशेष गाड़ी 28 सितंबर तक नौ अतिरिक्त फेरों के लिए संचालित की जाएगी। रेलवे प्रशासन के अनुसार त्योहारों और छुट्टियों के कारण इस रूट पर यात्रियों की संख्या में बढ़ोतरी हुई है। इसी को ध्यान में रखते हुए स्पेशल ट्रेन का संचालन किया जा रहा है। इससे किच्छा, बरेली और आसपास के क्षेत्र के यात्रियों को सीधी कनेक्टिविटी मिलेगी और आरक्षित सीटें उपलब्ध होने से सफर आसान होगा।
कब और कहां से चलेगी ट्रेन
09120 लालकुआं-प्रतापनगर विशेष गाड़ी लालकुआं से रवाना होकर किच्छा, बरेली, बदायूं, कासगंज होते हुए प्रतापनगर पहुंचेगी। वापसी में प्रतापनगर-लालकुआं विशेष गाड़ी प्रतापनगर से चलकर निर्धारित मार्ग से लालकुआं आएगी। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि लोग यात्रा से पहले ट्रेन का समय और आरक्षण की स्थिति आईआरसीटीसी वेबसाइट या रेलवे पूछताछ केंद्र से अवश्य जांच लें।
यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अतिरिक्त ट्रेनें चलाई जा रही हैं। लालकुआं-प्रतापनगर के बीच विशेष ट्रेन 28 से चलेगी। -सुमित कुमार, मुख्य जनसंपर्क अधिकारी, गोरखपुर मंडल