टांडा क्रॉसिंग पर बने नव निर्मित रुद्रपुर-सिडकुल हाल्ट स्टेशन पर सोमवार से रोजाना छह पैसेंजर गाड़ियां रुका करेंगी। रेल आंदोलन से जुड़े केशव कुमार पासी ने बताया कि 7 अप्रैल को शुरू हुए इस हाल्ट से पहलेे दो पैसेंजर गाड़ियों को ठहराव प्रदान किया गया था।
लेकिन रेलवे ने चार और पैसेंजर गाड़ियों को रुद्रपुर-सिडकुल हाल्ट पर रोकने की अनुमति दी है। इसके साथ इस स्टेशन पर प्रतिदिन रुकने वाली गाड़ियों की संख्या अब छह हो गयी है। यात्रियों को अब यहां से काशीपुर को प्रतिदिन तीन गाड़ियां आने और तीन गाड़ियां जाने के लिए उपलब्ध रहेंगी। काशीपुर से प्रतिदिन बड़ी तादाद में यात्री रुद्रपुर और हल्द्वानी सफर करते हैं।
उन्हें सुविधा का लाभ मिल सकेगा। काशीपुर से इस हाल्ट तक की 50 किलोमीटर की यात्रा 50 मिनट में पूरी हो जाती है। हाल्ट में उतरकर सड़क से 15 मिनट में रुद्रपुर पहुंचा जा सकता है। काशीपुर से सिडकुल हाल्ट तक रोजाना सुबह 5:45 बजे, 8:05 बजे और दोपहर 12 बजे पैसेंजर ट्रेन जाएगी। वहीं रुद्रपुर-सिडकुल से रोजाना सुबह 8:56 बजे, दोपहर 2:21 बजे और शाम 6:06 बजे ट्रेन काशीपुर रवाना होगी।