रुद्रपुर। चार लाख रुपये प्रति किलो का रिकॉर्ड रचने वाली चांदी की चमक दिवाली से पहले फीकी पड़ गई है। औद्योगिक मांग में कमी और निवेशकों की दूरी बनाने से मात्र 271 दिन में कुमाऊं में चांदी का भाव रिकॉर्ड स्तर से 51 प्रतिशत घटकर 1.97 लाख रुपये प्रति किलो रह गया। दिवाली पर चांदी की खरीदारी करने का मन बना रहे लोगों के लिए यह अच्छी खबर है।
चांदी ने 45 दिन में दो लाख से चार लाख तक का सफर तय किया था लेकिन अब दो लाख से नीचे आ गई है। 17 सितंबर 2025 को चांदी 2,02,600 रुपये, छह जनवरी 2026 को 2.5 लाख पर, 19 जनवरी 2026 को तीन लाख पर और 29 जनवरी 2026 को चार लाख रुपये पर पहुंच गई थी। 31 जनवरी 2026 को 3.15 लाख रुपये और दो फरवरी 2026 को 2.41 लाख रुपये तक कीमत पहुंच गई। बीते 28 अक्तूबर चांदी की कीमत साल के सबसे न्यूनतम दर 1.97 लाख रुपये पर रही।
कारोबारी बोले...
चांदी में फिलहाल लॉन्ग टर्म मंदी का रुख है। स्थानीय बाजार में चांदी के भाव और घटकर 1.85 से 1.90 लाख रुपये रहने का अनुमान है। इससे दीपावली पर अच्छी खरीदारी की उम्मीद है। -रुपिंदर भल्ला कटौच, एमडी, जेजे ज्वेलर्स।
कीमतों में बढ़ोत्तरी के बाद आम उपभोक्ताओं ने चांदी से दूरी बनाना शुरू कर दिया। इससे फिजिकल मांग घटी और कीमत पर दबाव बन गया। अब वैश्विक स्तर पर कीमत 55 फीसदी से ज्यादा गिर गई। दिवाली से पहले ग्राहकों के लिए यह राहत भरी खबर है। -अंकित अग्रवाल, एमडी, स्वास्तिक ज्वेलर्स।