बीएससी की छात्रा के अंकल कहने पर दुकानदार ने आपा खो दिया। उसने छात्रा को बेरहमी से पीटकर लहूलुहान कर दिया। इससे उसके सिर और पेट में चोट आई हैं। छात्रा को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।
मोहल्ला इस्लामनगर निवासी बीएससी की छात्रा निशा (18) पुत्री मकसूद अहमद 19 दिसंबर को खटीमा रोड स्थित एक दुकान से बैडमिंटन खरीदकर लाई थी। बैडमिंटन टेड़ा होने पर निशा मंगलवार को उसे बदलने के लिए दुकानदार के पास पहुंची। अस्पताल में भर्ती घायल छात्रा निशा ने बताया कि उसने दुकानदार से कहा कि अंकल बैडमिंटन टेड़ा है। इसे बदल दीजिए।
आरोप लगाया कि अंकल कहते ही दुकानदार भड़क गया और अमर्यादित भाषा का प्रयोग करने लगा। छात्रा का आरोप है कि जब उसने विरोध किया तो दुकानदार ने उसका सिर काउंटर पर दे मारा। उसके बाद उसे जमीन में गिराकर लात-घूंसे बरसाए। इससे वह बेसुध हो गई। परिजन उसे गंभीरावस्था में अस्पताल लेकर पहुंचे। हमले के बाद छात्रा डरी सहमी है।
इधर, सीओ सितारगंज ओमप्रकाश शर्मा ने कहा कि बीएससी की छात्रा को पीटने के मामले में आरोपी व्यापारी के खिलाफ तहरीर आने पर कार्रवाई की जाएगी। इस तरह की घटना बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मकान मालिक पर सरकारी डॉक्टर को पीटने का आरोप
सितारगंज। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के एक डॉक्टर को मकान मालिक और उसके साथियों ने मारपीट कर घायल कर दिया। हमले में घायल डॉक्टर का पुलिस ने मेडिकल कराया है। सरकारी अस्पताल में तैनात डा. इरफान अली ने बताया कि मीना बाजार में वह किराए के मकान में रहते है।
पानी के बिल को लेकर मकान मालिक का फोन आया था। इसके बाद शाम को वह घर पहुंचे। आरोप लगाया कि मकान मालिक के साथियों ने उनके साथ मारपीट कर कपड़े फाड़ दिए। मारपीट उनके चोट भी लगी है। सीएचसी में उनका इलाज किया गया। सरकारी अस्पताल के डॉक्टरों को जब मारपीट की घटना की सूचना मिली तो वे भी अस्पताल आ गए और घटना की कड़े शब्दों में निंदा की। चिकित्साधीक्षक डा. राजेश आर्य ने कहा कि डॉक्टर के साथ मारपीट की घटना निंदनीय है। संवाद
सितारगंज सीएचसी में भर्ती छात्रा निशा।- फोटो : SITARGANJ