रुद्रपुर। अग्निपथ योजना के विरोध में ट्रेन रोकने का प्रयास कर रहे यूथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष सुमित्तर भुल्लर व कार्यकर्ताओं को आरपीएफ व जीआरपी ने गिरफ्तार कर लिया। उनके विरुद्ध रेलवे ट्रैक पर बिना अधिकार पहुंचने व नारेबाजी करने का मुकदमा दर्ज किया गया। हालांकि बाद में उन्हें जमानत पर रिहा कर दिया गया।
मंगलवार सुबह करीब 10:10 बजे रुद्रपुर रेलवे स्टेशन पर पहुंची काठगोदाम से दिल्ली जाने वाली संपर्क क्रांति ट्रेन को रोकने के लिए प्रदेेश यूथ कांग्रेस अध्यक्ष सुमित्तर भुल्लर, अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता पहुंचे। प्रदर्शनकारी अग्निपथ योजना को रद्द करने की मांग करते हुए सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते रेलवे ट्रैक पर पहुंच गए लेकिन ट्रैक पर ट्रेन को रोकने से पहले ही आरपीएफ, यूपी पुलिस व जीआरपी के अधिकारियों व जवानों ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
आरपीएफ चौकी इंचार्ज संदीप कुमार भारती ने बताया कि रेलवे ट्रैक पर बिना अधिकार पहुंचने व नारेबाजी करने पर सात लोगों पर मुकदमा दर्ज कर दिया गया है। बाद में उन्हें जमानत पर छोड़ दिया गया। वहां पर यूथ कांग्रेस की प्रदेश प्रवक्ता सोफिया नाज, राष्ट्रीय सचिव नईम प्रधान, निशांत शाही, मनु चौधरी, उमा, फैसल, जावेद, फरमान, सनमीत, पिंटू, जसपाल, रवींद्र आदि थे।