फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Rudrapur: किशोरी की हत्या कर शव दफनाने की सूचना...परिजनों पर शक; अंतिम संस्कार से पहले पहुंची पुलिस, जांच शुरू

Mon, 26 Feb 2024 02:02 PM IST
हीरा मेहरा अमर उजाला नेटवर्क, ऊधम सिंह नगर

सार

रुद्रपुर में एक किशोरी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजन किशोरी का शव दफनाने के लिए रामपुर के अजीमनगर ले गए। पुलिस को इसकी भनक लगी तो अजीमनगर पहुंच गई और यूपी के रामपुर जिला पुलिस की मदद से मृतका के शव का पोस्टमार्टम कराया। 
विज्ञापन
किशोरी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

रुद्रपुर में एक किशोरी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजन किशोरी का शव दफनाने के लिए रामपुर के अजीमनगर ले गए। पुलिस को इसकी भनक लगी तो अजीमनगर पहुंच गई और यूपी के रामपुर जिला पुलिस की मदद से मृतका के शव का पोस्टमार्टम कराया। किशोरी के चेहरे पर चोट के निशान बताए जा रहे हैं। इससे पुलिस को उसकी हत्या का संदेह है। हालांकि परिजनों का कहना है कि किशोरी ने डांट से क्षुब्ध होकर आत्महत्या कर ली।

पुलिस के अनुसार, बीते शनिवार रंपुरा चौकी क्षेत्र के पहाड़गंज के एक मोहल्लेवासी की 15 साल की पुत्री की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। इसके बाद परिजन किशोरी के शव को यूपी के अजीमनगर जिला रामपुर ले गए। किशोरी की हत्या कर शव अजीमनगर में दफनाने ले जाने की सूचना मिली तो चौकी प्रभारी नवीन बुधानी टीम के साथ अजीमनगर पहुंच गए और परिजन शव को दफनाते इससे पहले अजीमनगर पुलिस की मदद से शव कब्जे में लेकर रुद्रपुर ले आए। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस किशोरी की कॉल डिटेल भी खंगाल रही है।

कोतवाल धीरेन्द्र कुमार ने बताया कि संदिग्ध हालात में किशोरी की मौत हुई है। मौत का सही कारण जानने के लिए पोस्टमार्टम कराया है। मृतका के पिता से भी पूछताछ की जा रही है। इधर, परिजनों का कहना है कि किशोरी ने डांट से क्षुब्ध होकर फांसी लगा कर आत्महत्या की है।
विज्ञापन

डॉक्टरों के पैनल से कराया पोस्टमार्टम
किशोरी की संदिग्ध हालात में मौत के मामले के बाद उसके चेहरे पर चोट के निशान होना बताया जा रहा है। पुलिस भी किशोरी की हत्या होने के संदेह के चलते कई बिंदुओं पर जांच कर रही है। इसी वजह से पुलिस ने किशोरी के शव का डॉक्टरों के पैनल से पोस्टमार्टम कराया है। ताकि, मौत का सही कारण सामने आ सके।

पुलिस को बिना सूचना के शव यूपी ले गए परिजन
किशोरी ने डांट से क्षुब्ध होकर अगर आत्महत्या की भी है तो परिजन पुलिस को बिना सूचना दिए ही शव को यूपी के अजीमनगर में दफन करने क्यों ले गए। पुलिस को जानकारी क्यों नहीं दी गई। चेहरे पर चोट के निशान कैसे हैं, ये सभी सवाल परिजनों को शक के दायरे में ले आए हैं। इन्हीं सवालों को जानने के लिए पुलिस अब परिजनों से पूछताछ में जुटी है। 

ऑनर किलिंग का तो नहीं मामला
किशोरी की संदिग्ध मौत के पीछे कहीं ऑनर किलिंग का मामला तो नहीं है। पहाड़गंज क्षेत्र में किशोरी की मौत के बाद ऑनर किलिंग की चर्चाएं तेज हैं। पुलिस को भी आत्महत्या की कहानी में झोल नजर आ रहा है। यही वजह है कि पुलिस शव को वापस ले आई और अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। 

 


 
विज्ञापन

किशोरी की संदिग्ध हालात में मौत की सूचना पर अजीमनगर थाना पुलिस की मदद से किशोरी के शव को कब्जे में लिया गया है। किशोरी की मौत को लेकर कई एंगल पर जांच की जा रही है। शव का डॉक्टरों के पैनल से पोस्टमार्टम कराया है। किशोरी के चेहरे पर चोट के निशान मिले हैं। इसकी भी जानकारी ली जा रही है। अगर हत्या की गई होगी तो सख्त कार्रवाई की जाएगी
-मनोज कत्याल एसपी सिटी, ऊधमसिंह नगर।

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें