रुद्रपुर शहर की शक्ति विहार काॅलोनी में सड़क के लोकार्पण का शिलापट को शिफ्ट करने को लेकर निवर्तमान मेयर रामपाल सिंह और कांग्रेस महानगर अध्यक्ष सीपी शर्मा भिड़ गए। सीपी का आरोप है कि रामपाल ने परिजन और समर्थकों के साथ उनको दौड़ाकर पीटा। यही नहीं उन पर ईंट-पत्थर भी फेंके। रामपाल ने सीपी व साथियों पर मारपीट और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग कर धमकाने का आरोप मढ़ा। घटना के बाद चोटिल सीपी ने जिला अस्पताल में इलाज कराया, वहीं रामपाल को अस्पताल में भर्ती किया गया।
शक्ति विहार काॅलोनी के गेट पर एक साल पहले नगर निगम की ओर से बनाई गईं सड़कों के लोकार्पण का शिलापट लगाया गया था। काॅलोनी के नए गेट के लिए विधायक निधि से प्रस्ताव मंजूर हुआ है। नया गेट बनवाने के लिए शक्ति विहार काॅलोनी के सोसायटी अध्यक्ष व कांग्रेस महानगर अध्यक्ष सीपी शर्मा शिलापट को दूसरे जगह शिफ्ट करना चाह रहे थे लेकिन इसी काॅलोनी में रहने वाले निवर्तमान मेयर रामपाल सिंह ने इस पर असहमति जताई थी। उन्होंने वर्तमान गेट की जगह पर ही नया गेट बनाने का सुझाव दिया था।शुक्रवार दोपहर काॅलोनी गेट पर सीपी शर्मा शिलापट को शिफ्ट करा रहे थे। इसी बीच रामपाल अपने सहयोगियों के साथ पहुंच गए। दोनों पक्षों में गहमागहमी के बाद मारपीट हो गई। मारपीट में सीपी को खुली और रामपाल को गुम चोटें आई। दोनों ही इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचे थे। डाक्टरों ने प्राथमिक इलाज के बाद सीपी को छुट्टी दे दी। वहीं रामपाल को दर्द की शिकायत पर भर्ती कर लिया। एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि विवाद और मारपीट की सूचना मिली है। किसी पक्ष ने तहरीर नहीं दी है। मामले में तहरीर मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
जिला अस्पताल में भाजपा और कांग्रेसियों का जमावड़ा
मारपीट की घटना के बाद सीपी शर्मा इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचे थे। सूचना मिलने पर जिलाध्यक्ष हिमांशु गाबा, प्रदेश प्रवक्ता डॉ. गणेश उपाध्याय, पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष संदीप चीमा, निवर्तमान पार्षद मोहन खेड़ा, मोनू निषाद सहित तमाम कांग्रेसियों ने अस्पताल पहुंचकर हाल चाल जाना। प्राथमिक इलाज कराकर सभी लोग सीपी को घर ले गए। वहीं निवर्तमान मेयर के अस्पताल पहुंचने की जानकारी के बाद विधायक शिव अरोरा, भाजपा किसान मोर्चा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अनिल चौहान, राकेश सिंह, निवर्तमान पार्षद प्रमोद शर्मा, सुशील चौहान सहित तमाम कार्यकर्ताओं ने उनका हाल चाल जाना। उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की। संवाद
गेट पर लगे सीसीटीवी से सामने आएगा सच
शिलापट को लेकर हुए विवाद में दोनों ही पक्षों ने एक दूसरे पर मारपीट करने का आरोप लगाया है। बताया जा रहा है कि जहां पर विवाद हुआ था, वहां पर सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं। दोनों पक्षों की ओर से सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखने की बात कही जा रही है। मारपीट की घटना के बाद कालोनी के लोग भी सकते हैं।
शिलापट गेट के नजदीक लगा है और एमएनए के पास दो बार शिपलापट को शिफ्ट करने के प्रार्थना पत्र दिए थे। सोसायटी के ग्रुप में भी इसका संदेश डाला था। शिलापट शिफ्ट करने की बात से रामपाल भड़क गए। उन्होंने परिजनों, सहयोगियों के साथ उनके गालीगलौज कर मारपीट की। अकेला होने की वजह से वह जान बचाकर किसी तरह वहां से भागे थे। मेयर के गनर ने मेरी जान बचा ली, वरना बड़ी घटना हो सकती थी। मेयर के पांच साल के कार्यकाल में उन्होंने भ्रष्टाचार के तमाम मामले विपक्षी होने के नाते उठाए थे। इसकी खुन्नश शिलापट की आड़ में निकाली गई। - सीपी शर्मा, महानगर अध्यक्ष, कांग्रेस।