काशीपुर। पुलिस और एसएसटी की संयुक्त टीम ने चेकिंग के दौरान एक बोलेरो से 2.37 लाख की नकदी बरामद की है। बरामद नकदी रुद्रपुर स्थित कोषागार में जमा कराई है। एसपी चंद्रमोहन सिंह के निर्देश पर कुंडा थाने की टीम और स्टेटिक सर्विलांस टीम (एसएसटी) मुरादाबाद रोड स्थित सूर्या बॉर्डर पर चेकिंग कर रही थी।
टीम ने ठाकुरद्वारा की ओर से आ रही बोलेरो (यूपी 2 एएफ/ 7789) को रोककर चेकिंग की। कार सवार थाना नौगांवा सादात, जिला अमरोहा निवासी डालचंद्र के कब्जे से 2.37 लाख की नकदी बरामद हुई। बरामद नकदी में दो हजार, पांच सौ व दो सौ रुपये के नोट थे। बरामद नकदी के बारे में पूछताछ करने पर डालचंद्र कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए। इस दौरान कुंडा एसओ प्रदीप नेगी, सूर्या चौकी प्रभारी पूरण सिंह तोमर, मजिस्ट्रेट मोहम्मद शेख अफ़गान व राजीव कुमार आदि रहे।