काशीपुर। संस्कृत शिक्षा, जनगणना एवं कार्यक्रम विभाग के सचिव दीपक कुमार ने विकास खंड सभागार में सरकार जनता के द्वार कार्यक्रम के तहत अधिकारियों के साथ बैठक की। सरकार की ओर से संचालित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि जो भी शिकायतें सीएम हेल्पलाइन पर आती हैं उसे संबंधित विभाग समय से निस्तारण करना सुनिश्चित करे और शिकायतकर्ता से दूरभाष पर वार्ता भी करे।
सचिव ने बृहस्पतिवार को बैठक के दौरान सीएम घोषणा की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि घोषणा के अंतर्गत जो निर्माण कार्य चल रहें है उन कार्यों में तेजी लाते हुए शीघ्र पूर्ण कराएं। जो योजनाएं शासन स्तर पर लंबित हैं, उसकी डिटेल बनाकर उपलब्ध कराएं, ताकि शीघ्र समाधान कराया जा सके। उन्होंने कहा कि विभाग कुछ नवाचार करने का प्लान बनाकर कार्य करे, जिससे कि अधिक से अधिक जनता को लाभ मिल सके। उन्होंने नगर आयुक्त काशीपुर को निर्देश दिए कि शहर में जलभराव की निकासी के लिए अच्छा प्लान बनाकर ड्रेनेज कार्य कराएं ताकि लोगों को जल भराव की समस्या से छुटकारा मिल सके। बैठक में नगर आयुक्त रविंद्र बिष्ट, तहसीलदार पंकज चंदोला, प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एस के दीक्षित, खंड विकास अधिकारी कमल किशोर पांडे, जिला शिक्षा अधिकारी हरेंद्र मिश्रा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
सामाजिक सुविधाएं देना सरकार की प्राथमिकता
सचिव कुमार ने अधिकारियों से कहा कि सभी को शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, कृषि, उद्यान, पशुपालन, सिंचाई, सड़क, सामाजिक सुविधाएं आदि देना सरकार की प्राथमिकता है, इसलिए योजनाओं का प्रचार-प्रसार करते हुए जनता व जनप्रतिनिधियों से संवाद बनाते हुए उन्हें जागरूक कर लाभ पहुंचाना सुनिश्चित करें। उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए कि सभी विद्यालयों में जो शौचालय खराब हैं या बंद हैं उनकी मरम्मत करते हुए आठ मार्च अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस से पूर्व संचालित कराया जाए।