ऊधमसिंह नगर जिले का राजीव गांधी नवोदय विद्यालय (Rajiv Gandhi Navodaya Vidyalaya) शीघ्र ही खटीमा से जसपुर ब्लॉक में शिफ्ट हो जाएगा। पिछले 11 साल से खटीमा के थारू जीआईसी परिसर में चल रहे इस विद्यालय में जगह की कमी के कारण बच्चों के घटते प्रवेश को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। विद्यालय के लिए जसपुर में शिक्षा विभाग के नाम 12.32 एकड़ वन भूमि हस्तांतरित हो गई है। विद्यालय भवन निर्माण के लिए नाबार्ड से सैंतालीस करोड़ रुपये का बजट मिल गया है।
समाज के सभी तबकों के बच्चों को गुणवत्तायुक्त शिक्षा देने के लिए राज्य सरकार ने वर्ष 2012 में खटीमा में नवोदय विद्यालय खोला था, लेकिन जमीन न मिलने के कारण यह विद्यालय थारू जीआईसी परिसर के करीब 17 कक्षों में संचालित है। इनमें छात्र-छात्राओं के एक-एक छात्रावास भी हैं।
जिले का राजीव गांधी नवोदय विद्यालय खटीमा के थारू जीआईसी की जमीन पर संचालित हो रहा है। जगह की कमी के कारण विद्यार्थियों को असुविधा हो रही थी। अब नवोदय विद्यालय के लिए जसपुर में 12.32 एकड़ वन भूमि मिल गई है। शीघ्र ही निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा।
- रमेश चंद्र आर्या, सीईओ, यूएस नगर।
कम होने लगे प्रवेश
विद्यालय में जगह की कमी और अन्य असुविधाओं के कारण छात्र-छात्राओं के प्रवेश कम होने लगे हैं। कक्षा छह से लेकर 12वीं तक इस आवासीय विद्यालय में 210 छात्र-छात्राओं के अध्ययन की सुविधा है लेकिन यहां सिर्फ 122 छात्र-छात्राएं ही अध्ययनरत हैं जबकि विद्यार्थियों को पढ़ाने के लिए पर्याप्त संख्या में 19 शिक्षक-शिक्षिकाएं तैनात हैं। इस विद्यालय को पूरी क्षमता से चलाने के लिए शिक्षा विभाग लगातार विद्यालय के लिए जमीन की मांग रहा था, लेकिन जमीन न मिलने के कारण विद्यालय थारू जीआईसी परिसर में ही संचालित है। नवोदय विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रमोद पांडेय ने बताया कि अब जिले के नवोदय विद्यालय के लिए जसपुर में जमीन मिल गई है।
राजीव नवोदय की सीट भी बढ़ेगी
खटीमा। राजीव गांधी नवोदय विद्यालय में कक्षा में प्रवेश के लिए 30 सीट तय हैं, जिनमें 15 छात्र और 15 सीट छात्राओं के लिए आरक्षित हैं। जसपुर में अपनी जमीन पर स्कूल बनने के बाद सीट 30 से बढ़कर 60 हो जाएंगी। इनमें 30 छात्रों और 30 छात्राओं के होंगी। पहले सरकार इसे पीपीपी मोड में चलाने की तैयारी कर रही थी लेकिन अब इसे शिक्षा विभाग से ही संचालित करने का निर्णय लिया है।