नानकमत्ता में गुरुद्वारा श्री नानकमत्ता साहिब के कार्यालय के सामने धरने पर बैठी सिख संगत से वार?
- फोटो : SITARGANJ
नानकमत्ता। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नानकमत्ता साहिब आगमन के दौरान गुरुद्वारा परिसर में सांस्कृतिक कार्यक्रम होने पर संगत में भारी रोष है। मर्यादा के विरुद्ध कार्यक्रम आयोजित करने का आरोप लगाते हुए संगत ने गुरुद्वारा कार्यालय के सामने पार्क में धरना दिया। गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधान ने धरनास्थल पर पहुंचकर लिखित में खेद जताया जिस पर संगत ने धरना समाप्त कर दिया। प्रधान ने बताया कि कर्तव्य में लापरवाही बरतने पर दो सेवादारों को सेवामुक्त कर दिया गया है।
शनिवार को सीएम पुष्कर सिंह धामी पद संभालने के बाद प्रथम बार शीश नवाने नानकमत्ता साहिब पहुंचे थे। इस दौरान गुरुद्वारा परिसर में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन भी हुआ। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही संगत में रोष फैल गया। रविवार की शाम भारी संख्या में संगत ज्ञानी हरविंदर सिंह हीरा के नेतृत्व मे गुरुद्वारा कार्यालय के सामने पहुंची तथा पार्क में धरने पर बैठ अमर्यादित कार्य पर रोष जताया। गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधान सेवा सिंह, कार्यवाहक महासचिव धन्ना सिंह तथा अन्य ने धरनास्थल पर पहुंचकर संगत से वार्ता कर लिखित में खेद जताया। प्रधान ने बताया कि मुख्यमंत्री के आगमन पर पर्यटन तथा संस्कृति विभाग की ओर से सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन उनकी अनुमति के बिना किया गया था। जैसे ही सेवादार ने सांस्कृतिक कार्यक्रम देखा तो उसे बंद करा दिया गया। अन्य दो सेवादारों की ओर से कर्तव्य न निभाने पर उनको सेवा से मुक्त कर दिया गया है। वार्ता के दौरान सतवंत सिंह बागी, सोनू खुशदिल, प्रीतम सिंह, सुखवंत सिंह औलख, गुरसेवक सिंह, तलविंदर सिंह, संतोख सिंह रंधावा आदि मौजूद थे।