दिल्ली में पंतनगर की राधा वाल्मिकी को सम्मानित करते आयोजक।
- फोटो : RUDRAPUR
शांतिपुरी। ग्राम पंचायत गडरिया बाग के गंगोली गांव में क्षतिग्रस्त सड़क पर भारी वाहनों के चलने से उड़ते धूल के गुबार से परेशान ग्रामीणों का धैर्य जवाब दे गया। ग्रामीणों ने धरना देकर समस्या से निजात दिलाने की मांग की। वाहन स्वामियों की ओर से पानी का छिड़काव कराने का आश्वासन मिलने के बाद ग्रामीणों ने धरना खत्म किया।
शनिवार को कांग्रेस के प्रदेश महासचिव हरीश पनेरू और ग्राम प्रधान गीता देवी के नेतृत्व में ग्रामीणों ने गंगोली गांव में धरना दिया। उन्होंने कहा कि भारी वाहनों की आवाजाही से सड़क का डामर उखड़ने की वजह से जगह-जगह गड्ढे हो गए हैं। सड़क पर भारी वाहनों की आवाजाही से धूल उड़ती रहती है। इससे कपड़े सुखाने के साथ ही खाना बनाने में दिक्कतें होती हैं।
ग्रामीणों ने सड़क जाम करने का फैसला किया लेकिन थोड़ी देर में ही मौके पर वाहन स्वामी वहां पहुंच गए। उन्होंने ग्रामीणों से वार्ता की और टैंकरों से सड़क पर पानी का छिड़काव करने का आश्वासन दिया। हरीश पनेरू ने एसडीएम नरेश दुर्गापाल से फोन पर बात कर समस्या रखी।
एसडीएम के निर्देश पर राजस्व विभाग की टीम धरनास्थल पर पहुंची और सोमवार तक पानी के छिड़काव और गड्ढे भरने की कार्यवाही करने का आश्वासन दिया। पनेरू ने चेतावनी दी कि यदि सोमवार तक गड्ढों में भरान और पानी का छिड़काव नहीं होता है तो रेलवे फाटक या तहसील में धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। वहां अर्जुन, यशवंत, टोनी, बबलू, ईश्वर दानू आदि थे। (संवाद)