रुद्रपुर। त्रि-स्तरीय पंचायत चुनाव की तैयारी शुरू हो गई है। जिला प्रशासन ने आरक्षण प्रस्तावों की समयसारिणी जारी कर दी है। प्रशासन शुक्रवार को आरक्षण प्रस्तावों का प्रकाशन करेगा। इसके बाद दो दिन तक आपत्तियां ली जाएंगी।
जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने बताया है कि ग्राम प्रधान, प्रमुख, ग्राम पंचायतों, क्षेत्र पंचायतों व जिला पंचायतों के प्रादेशिक निर्वाचन क्षेत्रों के आरक्षण का प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है। डीएम ने बताया कि 13 जून को आरक्षण प्रस्तावों का अनंतिम प्रकाशन, 14 से 15 जून तक आपत्तियां प्राप्त करना, 16 व 17 जुलाई को आपत्तियों का निस्तारण कर 18 जून को आरक्षण प्रस्तावों का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने कहा है कि जिस किसी भी व्यक्तियों को आरक्षण के अनंतिम प्रस्तावों के विरुद्ध कोई आपत्तियां हो वह प्रस्तावों के प्रदर्शन की अवधि में प्रस्तावित आरक्षण के विरुद्ध आपत्तियां बीडीओ, डीपीआरओ या जिलाधिकारी कार्यालय में लिखित रूप में प्रस्तुत कर सकता है।