रुद्रपुर में वैक्सीन लगवाने के लिए मेडिकल कॉलेज परिसर में लगी लाइन।
- फोटो : RUDRAPUR
रुद्रपुर। जिले में शुक्रवार को भी कोरोना वैक्सीन लगवाने के सभी टीकाकरण केंद्रों पर भारी भीड़ रही। रुद्रपुर मेडिकल कॉलेज स्थित टीकाकरण केंद्र से बाहर तक सैकड़ों लोगों की लंबी लाइन लगी रही। सुरक्षा के लिए मेडिकल कॉलेज परिसर में पुलिस फोर्स तैनात करनी पड़ी।
18 से 44 वर्ष आयु वर्ग के लोगों के लिए जिले के 48 केंद्रों पर वैक्सीन लगवाने की व्यवस्था की गई। इन केंद्रों पर इस आयु वर्ग के 14 हजार 504 लोगों ने वैक्सीन लगवाई। जबकि 45 से 60 वर्ष आयु वर्ग के 3,207 लोगों ने वैक्सीन लगवाई। टीकाकरण अभियान के जिला नोडल अधिकारी डॉ. हरेंद्र मलिक ने बताया कि कुल 17 हजार, 711 लोगों ने वैक्सीन लगवाई। इधर, जिले में एक व्यक्ति कोरोना संक्रमित मिला। कोरोना जांच के लिए जिले में 1472 लोगों के सैंपल लिए गए। कोरोना संकरण से मौत का आंकड़ा शून्य रहा। जिले में अब कोरोना के सक्रिय केसों की संख्या13 है।