मौके पर जांच करने पहुंची पीसीबी की टीम। संवाद
- फोटो : KASHIPUR
काशीपुर। ग्रामीणों के भारी विरोध के चलते मंगलवार को प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (पीसीबी) की टीम ने हरियावाला स्थित रबड़ प्लांट पर छापा मारा। ग्रामीणों ने प्लांट संचालकों पर टायर जलाकर वातावरण को प्रदूषित करने का आरोप लगाया। पीसीबी की टीम ने प्लांट संचालकों को प्लांट कवर करने और ग्रीन बेल्ट का विकास करने के निर्देश दिए हैं।
बीते दिनों स्थानीय ग्रामीणों ने हरियावाला में एक टायर प्लांट में लगातार टायर जलाने की शिकायत पीसीबी के अधिकारियों से की थी। कहा था कि टायर जलने से क्षेत्र का वातावरण प्रदूषित हो रहा है। इसके चलते कई लोगों में बीमारियों के लक्षण दिखाई दे रहे हैं। कुछ लोगों को टीबी की शिकायत है। स्थानीय लोगों ने एसडीएम से लेकर सीएम तक शिकायत की। ग्रामीणों के भारी विरोध के चलते मंगलवार दोपहर पीसीबी की टीम मौके पर पहुंची और प्लांट के दस्तावेज जांचे।
इस दौरान लोगों ने प्लांट से बदबू आने और प्रदूषण फैलने की शिकायत की। साथ ही प्लांट को बंद कराने की मांग की। इस पर पीसीबी की टीम ने प्लांट संचालक को निर्देश दिए कि वह प्लांट की समुचित चहारदीवारी करवाएं। ग्रीन बेल्ट का विकास करें ताकि प्रदूषण का स्तर कम हो सके। सूत्रों के अनुसार प्लांट में कई अनियमितताएं मिली हैं लेकिन कार्रवाई क्षेत्रीय अधिकारी की सहमति के बाद ही हो सकेगी।
-
ग्रामीण एक टायर प्लांट को लेकर शिकायत कर रहे हैं। टीम ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया है। अभी प्लांट को बंद कराने जैसी कोई बात नहीं है। रिपोर्ट मिलने के बाद कार्रवाई का निर्णय लिया जाएगा। - नरेश गोस्वामी, क्षेत्रीय अधिकारी पीसीबी।