गदरपुर में सरेआम हुआ था बेटी का कत्ल
झूठी शान के लिए रुद्रपुर में बेटी के कत्ल का यह पहला का मामला नहीं है। इससे पहले भी जिले में परिजनों के हाथों बेटियों के कत्ल होते रहे हैं। जो मामले उजागर हो गए, उनमें गुनहगार सलाखों के पीछे डाल दिए गए। इनमें गदरपुर के कनकटा में हुई ऑनर किलिंग का मामला बेहद चर्चित रहा था।
रुद्रपुर के पहाड़गंज में बेटी के प्रेम प्रसंग से खफा मां-बाप ने गला दबाकर हत्या कर दी। मामला छिपाने के लिए दंपती शव को दफनाते, इससे पहले ही पुलिस की पकड़ में आकर सलाखों के पीछे चले गए। ऑनर किलिंग का यह अकेला मामला नहीं है। सितंबर 2015 को गदरपुर के कनकटा गांव में प्रेम प्रसंग से नाराज परिजनों ने किशोरी को रूह कांपने वाली सजा दी थी। परिजनों ने सरेआम बेटी की लाठी डंडे और लोहे की राॅड से पीटकर हत्या कर दी। ग्रामीणों को कसमें खिलवाकर मामले को दबा दिया गया। तत्कालीन एसएसपी केवल खुराना ने मामले की फाइल खुलवाई थी और छह महीने बाद मृतका के पिता, चाचा सहित आधा दर्जन परिजनों की गिरफ्तारी की गई।
काशीपुर के मोहल्ला अली खां में सितंबर 2020 को प्रेम प्रसंग के चलते एक युवती प्रेमी के साथ चली गई थी। 15 दिन बाद दोनों लौटकर किराए के मकान में रहने लगे तो युवती के भाई और रिश्तेदारों ने नवदंपती का झूठी शान के लिए कत्ल कर दिया। दोनों को दो-दो गोलियां मारी गई थीं।
मई 2023 में किच्छा के सिरौलीकला में प्रेम प्रसंग से नाराज पिता और भाई ने किशोरी की गला दबाकर हत्या कर उसको दफना दिया था। मृतका के मामा की सूचना पर पुलिस ने कब्र से शव निकालकर पोस्टमार्टम कराया तो हत्या की पुष्टि हुई थी। मृतका पड़ोसी युवक से बात करती थी, जो परिजनों को नागवार गुजरता था। काशीपुर में जून 2019 में छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में जलने से हुई मौत मामले में ऑनर किलिंग की चर्चा थी। हालांकि पुलिस जांच में कुछ सामने नहीं आ सका था।