ऑनलाइन फार्मेसी के विरोध में बुधवार को जिले के 1200 केमिस्ट और मेडिकल स्टोर बंद रहे। उन्होंने नगर में जिला अस्पताल के पास खुले एक मात्र मेडिकल स्टोर को भी बंद करा दिया।
इसके बाद उन्होंने नगर में जुलूस निकालकर एसडीएम को ज्ञापन भी सौंपा। उन्होंने मांगें न माने जाने पर अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी भी दी। मेडिकल स्टोर बंद रहने से मरीज दवा के लिए इधर-उधर दौड़ते रहे।
उत्तरांचल औषधि व्यवसायी महासंघ एवं एआईओसीडी के तत्वावधान में जिले के 350 होलसेलर और 850 मेडिकल स्टोर पूर्णतया बंद रहे।
वहीं केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन ने नगर में जुलूस निकालकर ऑनलाइन दवा की बिक्री का जबरदस्त विरोध किया।
उन्होंने जिला अस्पताल में खुले एकमात्र मेडिकल स्टोर को भी बंद करा दिया। इससे दवा के लिए मरीज इधर-उधर भटकते रहे।
केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन के पदाधिकारी कलेक्ट्रेट पहुंचे। वहां हुई सभा में एसोसिएशन के अध्यक्ष समीर चतुर्वेदी ने कहा कि ऑनलाइन दवा की बिक्री करना ड्रग एवं कास्मेटिक एक्ट 1940 का उल्लंघन है।
उन्होंने कहा कि बिना डाक्टर के परामर्श के दवा नहीं दी जा सकती। वहीं उन्होंने कहा कि ऑनलाइन ड्रग बिक्री से नशे का कारोबार और बढ़ेगा।
उन्होंने दवा की ऑनलाइन बिक्री नहीं रुकने पर अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी भी दी। इस दौरान रमेश गुलाटी, हरीश मुंजल, सुनील गुप्ता, महेन्द्र अधिकारी, अमित छाबड़ा, अनिल वर्मा, करतार सिंह, अजमत अली, रूपेश अरोरा, श्रवण छाबड़ा, सीताराम, अब्बास अली, गोपाल बिष्ट, संजीव चौहान, विनोद वर्मा, हर्षपाल सिंह, विनोद गर्ग, आरिफ, कौशल गंगवार, अजय सेतिया आदि मौजूद थे।