गदरपुर। वर्कशॉप जा रहे साइकिल सवार वेल्डर को ट्रक ने चपेट में ले लिया। गंभीर रूप से घायल वेल्डर ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद चालक ट्रक छोड़कर भाग गया। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।
ग्राम चंदनपुरा निवासी 46 वर्षीय कुलविंदर सिंह पुत्र गुलजार सिंह गदरपुर की एक वर्कशॉप में वेल्डिंग का काम करता था। शनिवार की सुबह 10 बजे कुलविंदर साइकिल पर सवार होकर गदरपुर जा रहा था। सकैनिया मोड़ तिराहे के पास उसकी साइकिल को रुद्रपुर से काशीपुर की ओर जा रहे तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी, जिससे वह पहिये की चपेट में आ गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने कुलविंदर के शव को सीएचसी गदरपुर भिजवाया, साथ ही ट्रक कब्जे में ले लिया। पुलिस ने कुलविंदर की जेब से मिले मोबाइल से परिजनों को सूचना दी। कुलविंदर अपने पीछे पत्नी मनदीप कौर और 15 वर्षीय पुत्र मनप्रीत सिंह को रोता बिलखता छोड़ गया है।
मृतक कुलविंदर के घर पर शोकाकुल परिजन।- फोटो : RUDRAPUR