फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अधिकारियों ने रचा था डिपो के विलय का कुचक्र : चंदन रामदास

विज्ञापन
जसपुर में परिवहन मंत्री का स्वागत करते भाजपाई। - फोटो : KASHIPUR
विज्ञापन
काशीपुर। परिवहन एवं समाज कल्याण मंत्री चंदन रामदास ने कहा कि अधिकारियों ने डिपो के विलय का कुचक्र रचा था। जानकारी होते ही उन्होंने त्वरित कदम उठाते हुए तीन घंटे के अंदर आदेश रद्द कर दिया। उन्होंने कहा कि अब भविष्य में भी डिपो के विलय की अटकलें नहीं लगेंगी। आईएसबीटी के लिए जमीन का निरीक्षण किया जाएगा।
विज्ञापन

परिवहन एवं समाज कल्याण मंत्री चंदन रामदास बृहस्पतिवार दोपहर काशीपुर पहुंचे। लोनिवि के अतिथि गृह में पत्रकार वार्ता के दौरान परिवहन मंत्री ने कहा कि हम अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति की सेवा के लिए संकल्पबद्ध हैं। चारधाम यात्रा हमारे सामने है। कोरोना के बाद यह पहली यात्रा होगी। यह ऐतिहासिक यात्रा होगी। इस बार लगभग एक करोड़ लोग चारधाम यात्रा पर आने वाले हैं। उन्होंने कहा कि रोडवेज डिपो के विलय का अधिकारियों ने कुचक्र रचा था। हमने सिर्फ तीन घंटे में उस आदेश को रद्द कर दिया। काशीपुर डिपो को यथावत रखने का आदेश दिया है।
अक्तूबर में यह आदेश जारी हुआ था। लागू करने में कुछ समय लगा। अधिकारियों को बताया गया है कि इस तरह के आदेश मुख्यमंत्री और परिवहन मंत्री के संज्ञान में लाए बिना नहीं होने चाहिए। इस प्रकरण में कड़ी कार्रवाई की गई है। आईएसबीटी के लिए हमारे पास काफी जमीन है। जमीन का स्थलीय निरीक्षण किया जाएगा। आने वाले समय में इसके लिए अच्छा मार्ग होगा। संकल्प पत्र को देखते हुए हमने 100 दिन का एक रोडमैप तैयार किया है। मृत पड़ी योजनाओं को जिंदा किया जाएगा। समाज कल्याण, अल्पसंख्यक कल्याण, लघु एवं मध्यम उद्योग और खादी ग्रामोद्योग में स्वरोजगार पैदा करने के लिए रोडमैप तैयार किया गया है। 100 दिन के अंदर जनता को अच्छी खबर मिलेगी।
विज्ञापन

इस दौरान रुद्रपुर विधायक शिव अरोरा, काशीपुर विधायक त्रिलोक सिंह चीमा, पूर्व विधायक हरभजन सिंह चीमा, प्रदेश मंत्री आशीष गुप्ता, राम मेहरोत्रा, जिला उपाध्यक्ष गुरविंदर सिंह चंडोक, पूर्व महिला मोर्चा की महामंत्री सीमा चौहान, सुनील, सुशील शर्मा, मंजू यादव, रीति नागर, जिलाध्यक्ष युवा मोर्चा सर्वजीत सिंह, रवि पाल, अमित मनचंदा, इंतजार हुसैन, मोहन सिंह बिष्ट, रजत सिद्धू, समरपाल सिंह चौधरी, कृष्ण कुमार अग्रवाल, रूपेंद्र बग्गा, दीपक मेंथा, एसपी चंद्र मोहन सिंह, एसडीएम अभय प्रताप सिंह आदि मौजूद रहे।
अब नहीं लगेंगी डिपो के विलय की अटकलें
परिवहन मंत्री ने भले ही काशीपुर डिपो के विलय के आदेश को रद्द कर दिया हो लेकिन क्षेत्र के लोगों के मन में फिर से विलय का आदेश जारी होने की आशंका बनी हुई थी। बीते दो दशक के दौरान कई बार विलय की सुगबुगाहट हो चुकी है। एक बार तो आदेश तैयार भी हो गया था लेकिन तत्कालीन विधायक हरभजन सिंह चीमा और जनता के विरोध के चलते आदेश को निष्प्रभावी किया गया था। परिवहन मंत्री ने बृहस्पतिवार को इस पर विराम लगा दिया। परिवहन मंत्री ने कहा कि अब दोबारा से विलय की बात उठने की कोई आशंका नहीं है। उन्होंने आदेश को रद्द कर दिया है।
पैकेट बंद खाने पर भाजपाइयों ने जताया ऐतराज
गेस्ट हाउस में संभागीय परिवहन विभाग की ओर से खाने की व्यवस्था की गई थी। पैकेट बंद खाना लाया गया तो भाजपाइयों ने ऐतराज जताया। कहा गया कि यह परंपरा के विरुद्ध है। पैकेट बंद खाना लाया जाना प्रोटोकॉल के खिलाफ है। बनाकर खाना खिलाया जाना चाहिए था। नेताओं ने एक दूसरे को समझा कर शांत कर दिया। बाद में परिवहन मंत्री का टीआरसी और पुराना आवास विकास में भाजपा कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया।
जसपुर में भी हुआ परिवहन मंत्री का स्वागत
जसपुर। भाजपा कार्यकर्ताओं ने परिवहन एवं समाज कल्याण मंत्री के प्रथम बार आगमन पर फूलमालाएं पहनाकर स्वागत किया। बृहस्पतिवार को अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष मुकेश कुमार के प्रतिष्ठान महुआडाबरा पर आयोजित कार्यक्रम में चंदन राम दास का भाजपाइयों ने स्वागत किया। पूर्व विधायक डॉ. शैलेंद्र मोहन सिंघल ने नगर में रोडवेज बस स्टैंड की भूमि पर उच्च न्यायालय में चल रहे मुकदमे को परिवहन विभाग द्वारा पैरवी करा कर जल्द निस्तारण कराए जाने, रोडवेज बस स्टैंड का निर्माण कराए जाने की मांग की। अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष मुकेश कुमार ने विधवा, दिव्यांग, वृद्धों को पेंशन दिलाए जाने के लिए समाज कल्याण विभाग द्वारा पेंशन शिविर लगाए जाने की मांग की। चंदनराम दास ने सभी मांगों को पूरा कराए जाने का आश्वासन दिया। वहां मुकेश कुमार, प्रीतम सिंह, धर्मपाल सिंह, राजीव शर्मा, खड़क सिंह चौहान, गौतम गिरी, वीरेंद्र चौहान, ब्रह्मानंद लाहोरी, अशोक खन्ना, सनी प्रधान, सुधीर विश्नोई, डॉ सुदेश, सुरेंद्र चौहान आदि थे।

काशीपुर में परिवहन मंत्री का स्वागत करते भाजपाई।- फोटो : KASHIPUR

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें