काशीपुर। काशीपुर ब्लॉक क्षेत्र में बच्चों को बेहतर शिक्षा देने और निजी स्कूलों की तर्ज पर शहर के कई सरकारी स्कूलों को रूपांतरण के तहत परिवर्तित किया गया है। इससे जहां एक ओर बच्चों की संख्या में इजाफा हुआ वहीं स्कूलों में पढ़ाई की गुणवत्ता में काफी हद तक सुधार आया है।
काशीपुर ब्लॉक क्षेत्र में 90 राजकीय प्राथमिक विद्यालय और 25 राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय हैं। शिक्षा के स्तर को सुधारने और बच्चों को निजी स्कूल जैसा माहौल देने के लिए अब इन स्कूलों को रूपांतरण में परिवर्तित किया जा रहा है। क्षेत्र में अब तक 14 राजकीय प्राथमिक विद्यालय और तीन राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय का रूपांतरण हो गया है। छह स्कूलों को रूपांतरण में परिवर्तित करने का कार्य प्रगति पर चल रहा है। इसके तहत इन स्कूलों की बिल्डिंग व कक्षा कक्ष का रंग-रूप बदलने के साथ ही स्कूल में कंप्यूटर, स्मार्ट टीवी, स्वच्छ पेयजल, हाइजेनिक शौैचालय, स्पोर्ट्स सामग्री, पुस्तकालय, म्यूजिक सिस्टम व वाद्य यंत्र आदि की सुविधा मुहैया कराई जा रही है। इससे जहां एक ओर क्षेत्र के अभिभावकों व बच्चों का इन स्कूलों की ओर रुझान बढ़ रहा है। वहीं रूपांतरण में परिवर्तित स्कूलों में शिक्षा के स्तर में भी काफी सुधार आ चुका है। अब बच्चों में पढ़ाई और नियमित स्कूल आने की रुचि बढ़ने लगी है।
खंड शिक्षा अधिकारी आरएस नेगी और उप खंड शिक्षा अधिकारी गीतिका जोशी ने बताया कि रूपांतरण के बाद स्कूलों का स्वरूप पूरी तरह से बदल गया है। बच्चों के बैठने के लिए सुंदर फर्नीचर, यूनिफार्म, शिक्षण कार्य सभी में बदलाव आया है इन स्कूलों में बच्चों की संख्या में बहुत अच्छा इजाफा हो रहा है।
रूपांतरण के बाद इस तरह बढ़ी छात्रों की संख्या
विद्यालय पूर्व छात्र संख्या वर्तमान छात्र संख्या
इंदिरा गांधी स्कूल 49 169
ढकिया गुलाबो 92 136
बांसखेड़ा कला 175 376
रम्पुरा 57 134
रेलवे टांडा 230 520
कटोराताल 58 139
सुदामा लाल 110 175
इन स्कूलों का किया जा रहा रूपांतरण :
- उच्च प्राथमिक विद्यालय जैतपुर घोसी
- उच्च प्राथमिक विद्यालय कनकपुर
- प्राथमिक विद्यालय कनकपुर
- उच्च प्राथमिक विद्यालय रजपुरा रानी
- प्राथमिक विद्यालय रजपुरा रानी
अब तक इन स्कूलों का हो चुका है रूपांतरण
उप खंड शिक्षा अधिकारी गीतिका जोशी ने बताया कि राजकीय प्राथमिक विद्यालय धनौरी फार्म, रम्पुरा, इंदिरा गांधी, सुदामा लाल, ढकिया गुलाबो, बांसखेड़ा कला, बांसखेड़ा खुर्द, गिन्नी खेड़ा, चैती फार्म, जैतपुर घोसी, गिरधई, बघेलेवाला, रघुनाथ राय गंज, कटोराताल के अलावा राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय नवीन कटोराताल, सुदामा लाल और बघेलेवाला का रूपांतरण किया जा चुका है।