काशीपुर। एक युवती ने अप्रवासी भारतीय पर शादी का झांसा देकर धोखाधड़ी करने का मुकदमा दर्ज कराया है। युवक ने खुद को हल्द्वानी निवासी बताया था लेकिन युवती ने जब हल्द्वानी में युवक के बारे में जानकारी जुटाई तो पता लगा कि आरोपी काशीपुर में आवास विकास में रहता है।
यूपी की गाजियाबाद निवासी युवती ने 27 मई को थाना गाजियाबाद में रिपोर्ट दर्ज कराई कि सोशल मीडिया पर दो साल पहले उसकी पहचान अमेरिका में रहने वाले भारतीय युवक से हुई। शुरुआत में उसने अपना नाम विशाल तिवारी निवासी हल्द्वानी बताया। धीरे-धीरे उनके बीच लंबी बातचीत होने लगी। युवक ने शादी करने का प्रस्ताव रख उससे मिलने के लिए कहा। मार्च 2022 में वह भारत आया और इस दौरान चार बार उससे मिला लेकिन युवक ने अपने बारे में उसे सही जानकारी नहीं दी। आरोप है कि युवक ने गाजियाबाद में उसके घर आकर परिजनों से मुलाकात की और शादी का झांसा देकर उसका रिश्ता तक तुड़वा दिया। कुछ ही दिन बाद वह वापस यूएस चला गया और जून में वापस लौटने की बात कही।
उस दौरान परिजनों ने शादी के लिए तैयारी कर ली। बाद में युवक ने उससे यह कहकर बात करने से मना कर दिया कि हमारी शादी के लिए परिवार के लोग नहीं मान रहे हैं। आरोपी ने उसे सभी सोशल साइट पर ब्लॉक कर दिया। पिछले एक महीने से वह हल्द्वानी में उसके बारे में जानकारी जुटा रही थी लेकिन पता लगा कि आरोपी काशीपुर के आवास विकास में रहता है। वह पहले से शादीशुदा और एक बच्चे का पिता है। आरोपी का भाई अभी काशीपुर में रहता है। गाजियाबाद पुलिस मामले की जांच में जुटी है।