नौ सूत्री मांगों के लिए हड़ताल पर चल रहे एनएचएम (राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन) कर्मचारी एक माह के भीतर समस्याओं के निस्तारण का आश्वासन मिलने पर मंगलवार को आठवें दिन ड्यूटी पर लौट आए। हालांकि उन्होंने बांह पर काला फीता बांधकर ड्यूटी। एनएचएम कर्मियों ने कहा कि मांगें पूरी होने तक विरोध स्वरूप बांह पर काला फीता बांधकर ही ड्यूटी करेंगे।
बीती 28 मई से जिलेभर में एनएचएम कर्मचारी लॉयल्टी बोनस देने, वेतन विसंगतियां दूर करने, संविदा के स्थान पर नियमित पदों को सृजित करने, वार्षिक वेतन वृद्धि को बढ़ाने आदि नौ सूत्री मांगों को लेकर बांह काला फीता बांधकर ड्यूटी कर रहे थे। इसके बाद भी अनदेखी होने पर एक जून से एनएचएम कर्मियों ने अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी थी। हड़ताल के चलते स्वास्थ्य विभाग के विभिन्न कामकाज प्रभावित हो रहे थे। शासन और स्वास्थ्य विभाग की ओर से एक माह के भीतर समस्याओं के निस्तारण का आश्वासन मिलने पर मंगलवार से एनएचएम कर्मी ड्यूटी पर लौट आए। लेकिन विरोध स्वरूप कर्मचारियों ने पूर्व की भांति बांह पर काला फीता बांधकर काम किया।
बता दें कि कर्मचारियों की हड़ताल कोरोना संक्रमितों की रिपोर्ट की डाटा एंट्री, टीकाकरण एवं सैंपलिंग का कार्य प्रभावित हो रहे थे। अब एनएचएम कर्मियों के ड्यूटी पर लौटने से इन कार्यों के भी पटरी पर लौटने की संभावना है। वहां डीएस भंडारी, चांद मियां, संतोष पांडेय, मनोज आर्या, पंकज गुसाई, निधि शर्मा, जावेद, पूरनमल, तौफीक आदि थे।
उधर, गदरपुर में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में संगठन के ब्लॉक अध्यक्ष डॉ. उपेंद्र रावत ने कहा कि यदि एक माह बाद भी समस्याओं का निस्तारण नहीं होता है तो दोबारा आंदोलन की रणनीति बनाई जाएगी। वहां डॉ. विकास सचान, किरण जोशी, सुनीता राय, अतीश कालड़ा, धर्मेंद्र मल्ल, राहुल श्रीवास्तव, डॉ. ओएन ओझा, डॉ. प्रशांत चौहान, रविंद्र नेगी आदि थे। (संवाद)
इधर, बाजपुर में भी एनएचएम कर्मचारियों ने बांह पर काला फीता बांधकर कार्य किया। डॉ. रविंद्र साहू, प्रेमकांत, अरविंद आदि थे।