सिडकुल पंतनगर में मैगी का उत्पादन करने वाली नेस्ले कंपनी पर मंडरा रहे संकट के बादल अक्टूबर में छंटने की उम्मीद है। नैनीताल हाईकोर्ट में चल रहे नेस्ले कंपनी के वाद की तिथि पहले 15 सितंबर थी, उसके बाद 17 सितंबर को इस पर सुनवाई होनी थी, लेकिन अब हाईकोर्ट ने एक अक्टूबर को तिथि तय कर दी है।
माना जा रहा है कि अगर हाईकोर्ट से नेस्ले को राहत मिल जाती है तो राज्य सरकार भी नेस्ले के प्रति अपना सॉफ्ट कार्नर अपनाएगी। इस बात का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि हाल ही में मुख्यमंत्री के पुत्र वीरेंद्र रावत ने नेस्ले प्रबंधन से कंपनी के बारे में और ठेकेदार के अंडर में काम करने वाले करीब तीन हजार से अधिक लोगों के रोजगार को भी ध्यान में रखते हुए बातचीत की है।
नेस्ले के प्रबंधन ने बताया कि वीरेंद्र रावत ने इशारा किया है कि कोर्ट से राहत मिलने के बाद राज्य सरकार भी प्रभावित हजारों लोगों के रोजगार के प्रति गंभीर है। इन बिंदुओं के चलते माना जा रहा है कि नेस्ले पर मंडरा रहे संकट के बादल अब अक्टूबर माह में छंट सकते हैं।
दीपावली तक मैगी का उत्पादन पूरी तरह शुरू हो सकता है। नेस्ले के मीडिया प्रभारी हिमांशु मांगलिक के मुताबिक हाईकोर्ट में एक अक्टूबर की तिथि है। अगर हाईकोर्ट से राहत मिलती है तो उन्हें उम्मीद है कि राज्य सरकार भी नेस्ले को निराश नहीं करेगी।
बता दें कि 4 जून से सिडकुल की पंतनगर नेस्ले कंपनी में मैगी का उत्पादन ठप है। इससे जहां हजारों श्रमिकों, ट्रांसपोर्टरों पर बेरोजगारी और आर्थिक संकट बना हुआ है। करीब साढ़े तीन महीने से उत्पादन ठप होने से कंपनी को भी करोड़ों का नुकसान उठाना पड़ रहा है।