दिल्ली में पुरस्कार ग्रहण करती गदरपुर परियोजना की सुपरवाइजर मुजस्सिम रहमान।
- फोटो : amar ujala
राष्ट्रीय पोषण अभियान के तहत 10 हिमालयी राज्यों में हुई पोषण गतिविधियों में उत्तराखंड को तीन और इनमें से दो पुरस्कार ऊधमसिंह नगर को मिले हैं। गदरपुर परियोजना की सुपरवाइजर को बेस्ट लीडरशिप पुरस्कार और काशीपुर की जाटव बस्ती आंगनबाड़ी केंद्र को बेस्ट समन्वय टीम का पुरस्कार मिला है। इसके अलावा उत्तराखंड को बेस्ट समन्वय प्लान का पुरस्कार मिला। साथ ही भारत सरकार की महिलाएं एवं बाल विकास मंत्रालय की बुकलेट में भी यूएसनगर के समन्वय योजना की तारीफ की गई है।
दरअसल भारत सरकार ने राष्ट्रीय पोषण मिशन के तहत सितंबर को जनांदोलन के रूप में मनाते हुए जन-जन तक पोषण की महत्ता को पहुंचाने के लिए हर प्लेमफार्म का इस्तेमाल करने के निर्देश दिए थे। इसी तहत जिले में डीएम डॉ. नीरज खैरवाल के दिशा निर्देशन में चार हफ्तों में आंगनबाड़ी केंद्रों में चार कार्यक्रम किए गए। इनमें जागरूकता रैली, हस्ताक्षर अभियान, हेल्दी बेबी शो और पोषण मेले के साथ ही जिम्मेदार अभिभावक शिविर भी किया गया।
बीती 10 अक्तूबर को दिल्ली में महिला एवं बाल विकास मंत्रालय की ओर से आयोजित कार्यक्रम में मंत्रालय के सचिव राकेश श्रीवास्तव और नीति आयोग के उपाध्यक्ष डॉ. राजीव कुमार ने पोषण अभियान के तहत हुई गतिविधियों में विभिन्न श्रेणी में पुरस्कार वितरित किए।
इनमें उत्तराखंड को बेस्ट समन्वय प्लान का पुरस्कार मिला। जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अखिलेश मिश्रा ने बताया कि काशीपुर के जाटव बस्ती आंगनबाड़ी केंद्र की टीम सुपरवाइजर हेमा कांडपाल, एएनएम निर्मला चौहान, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता राजेंद्री देवी और आशा कार्यकर्ता लक्ष्मी देवी को बेस्ट समन्वय टीम का पुरस्कार मिला। इसके अलावा गदरपुर परियोजना की सुपरवाइजर मुजस्सिम रहमान को बेस्ट लीडरशिप का पुरस्कार मिला। यह पुरस्कार 10 हिमालयी राज्यों में हुई पोषण गतिविधियों के आधार पर दिया गया था।