रुद्रपुर। मुख्य बाजार स्थित एक होटल के कमरे में ठहरा यात्री संदिग्ध परिस्थितियों में मृत मिला। सूचना पर पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मृतक के परिजनों से संपर्क करने की कोशिश कर रही है।
जानकारी के अनुसार नैनीताल निवासी विपिन चंद्र तिवारी (45) रुद्रपुर के मुख्य बाजार स्थित एक होटल में 12 दिसंबर को रुके थे। शुक्रवार सुबह होटल का कर्मचारी चाय लेकर विपिन के कमरे में गया, लेकिन काफी देर तक आवाज देने के बाद भी दरवाजा नहीं खुला।
इसके बाद सफाई कर्मी कमरे में सफाई करने के लिए गया, लेकिन दरवाजा नहीं खुलने पर उसने होटल प्रबंधन को सूचना दी। सूचना पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने दरवाजा तोड़ा तो कमरे के अंदर विपिन मृत पड़े हुए थे।
कमरे से पुलिस को उनका आधार कार्ड, 1100 रुपये मिले थे। पुलिस के अनुसार विपिन के बीमार रहने की जानकारी मिली है। मौत की असल वजह पोस्टमार्टम के बाद पता चलेगी। फिलहाल मृतक के परिजनों से संपर्क करने की कोशिश की जा रही है।