रुद्रपुर। फेस मास्क कारोबारी को एक कथित ग्राहक ने रुपये भेजने के लिए क्यूआर कोड भेजा लेकिन जैसे ही कारोबारी ने कोड को स्कैन किया तो उसके गूगल पे खाते से 84,000 रुपये उड़ गए। कारोबारी ने कोतवाली में तहरीर देकर अज्ञात के खिलाफ साइबर ठगी का केस दर्ज कराया है।
बिंदुखेड़ा निवासी आनंद राठी ने पुलिस को बताया कि उनका मास्क बनाने का कारोबार है। पिछले वर्ष 18 अगस्त को उनके फोन पर एक व्यक्ति की कॉल आई, जिसने 28,000 रुपये के मास्क लेने की बात की। आरोप है कि रुपये का भुगतान करने के लिए उस व्यक्ति ने आनंद को एक क्यूआर कोड भेजा और कहा कि इसे गूगल पे में स्कैन करने से आपके खाते में आ जाएंगे।
उसकी बात पर यकीन कर आनंद ने क्यूआर कोड को स्कैन कर यूपीआई पासवर्ड डाला तो बैंक खाते से 28,000 रुपये उड़ गए, जबकि आनंद ने उस व्यक्ति को यह बात बताई तो उसने कहा कि कोई गलती हुई है और वह फिर से कोड भेज रहा है। आनंद ने उसकी बात में यकीन कर उस प्रक्रिया को दोहराया तो फिर उनके खाते से 28,000 रुपये उड़ गए। इसी तरह तीन बार में 84,000 रुपये उड़ गए। इसके बाद से उस व्यक्ति का फोन स्विच ऑफ हो गया। आनंद ने मंगलवार को कोतवाली में तहरीर देकर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ साइबर ठगी का मुकदमा दर्ज कराया है।