दिल्ली में राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के समक्ष दावेदारी पेश करते विधायक ठुकराल।
- फोटो : amar ujala
नैनीताल लोकसभा सीट के लिए भाजपा से टिकट मांगने वालों की फेहरिस्त बढ़ रही है। रुद्रपुर विधायक राजकुमार ठुकराल ने दिल्ली में राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह सहित तमाम राष्ट्रीय नेताओं के समक्ष दावेदारी प्रस्तुत की है।दरअसल नैनीताल लोकसभा सीट पर मौजूदा सांसद के अलावा कैबिनेट मंत्री यशपाल आर्य, विधायक बंशीधर भगत, राजकुमार ठुकराल, राजेश शुक्ला, पुष्कर धामी, दर्जा मंत्री सुरेश परिहार, पूर्व सांसद बलराज पासी के साथ ही प्रदेश उपाध्यक्ष राजू भंडारी की दावेदारी है।
बुधवार को विधायक ठुकराल ने दिल्ली में पार्टी के राष्ट्रीय कार्यालय में राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह, राष्ट्रीय महामंत्री संगठन रामलाल, राष्ट्रीय प्रवक्ता अनिल बलूनी से मुलाकात कर दावेदारी जताई। ठुकराल ने इसके अलावा राष्ट्रीय सह महामंत्री संगठन शिवप्रकाश से भी मिलकर बायोडाटा सौंपा।
फोन पर हुई बातचीत में ठुकराल ने बताया कि राष्ट्रीय नेताओं को राजनैतिक जीवन के बारे में बताया गया है। वह बचपन से ही आरएसएस के क्रियाकलापों में सक्रिय रहने के साथ ही चार बार छात्रसंघ अध्यक्ष, एक बार पालिकाध्यक्ष रह चुके हैं।
दूसरी बार रुद्रपुर विधानसभा का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं और प्रदेश में सबसे अधिक वोट हासिल कर विधायक निर्वाचित हुए हैं। कहा कि यदि पार्टी टिकट देगी तो वह जीत दर्ज कर दिखाएंगे और यदि टिकट किसी दूसरे नेता को टिकट दिया गया तो उसे भी पूरी ताकत से चुनाव लड़ाया जाएगा।