रुद्रपुर। नगर निगम की बोर्ड बैठक मेयर रामपाल सिंह की अध्यक्षता में आयोजित हुई जिसमें तीन प्रस्ताव पारित किए गए। वहीं सूचना के अभाव में कई पार्षद बैठक में शामिल नहीं हो सके। नेता प्रतिपक्ष मोनू निषाद ने इस संबंध में विरोध भी दर्ज किया है।
नगर निगम सभागार में मंगलवार को शाम चार बजे आयोजित बैठक में सर्वसम्मति से तय किया गया कि डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन के लिए अनुबंधित फर्म की अनुबंध अवधि समाप्त हो चुकी है, लिहाजा नया अनुबंध होने तक अब कूड़ा कलेक्शन का काम नगर निगम अपने हाथ में लेगा। इसके लिए जरूरत पड़ने पर मानवशक्ति भी बढ़ाने का निर्णय लिया गया। इसके लिए सर्वसम्मति से वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति दी गई। इसके साथ ही मुर्गा, मछली, मीट विक्रय शुल्क ठेके की समय वृद्धि का फैसला भी सर्वसम्मति से लिया गया। बैठक में पार्षदों ने वार्डों में वर्तमान में हो रही नालों की सफाई पर असंतोष व्यक्त करते हुए तली झाड़ सफाई के लिए विशेष अभियान चलाने का प्रस्ताव रखा। पार्षदों के प्रस्ताव पर बड़े नालों की तली झाड़ सफाई बरसात से पूर्व कराने का निर्णय लिया गया। मेयर ने कहा कि सभी नालों की तली झाड़ सफाई में कोई ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। लापरवाही पर ठेकेदार का भुगतान रोकने की बात कही।
बैठक में पार्षद विधान राय, सुशील मंडल, प्रीति साना, निमित्त शर्मा, शिव कुमार गंगवार, कैलाश राठौर, किरण लता राठौर, बबीता बैरागी, सीमा गुप्ता, जितेंद्र यादव, प्रमोद शर्मा, सुनील कुमार, सायरा बानो, कमला देवी, सुशील कुमार यादव, रजनी रावत, आयुष तनेजा, सुनीता मुंजाल, सुशील चौहान, अंबर सिंह, श्यामली विश्वास, बबलू सागर आदि मौजूद थे।