रुद्रपुर के छतरपुर रिंग रोड के पास रेलवे ट्रैक पर 25 वर्षीय युवक का शव दो हिस्सों में मिला। सिर और धड़ अलग-अलग पड़े थे। प्रारंभिक आशंका ट्रेन से कटने की है। पुलिस और फॉरेंसिक टीम जांच में जुटी है।
रुद्रपुर शहर के छतरपुर रिंग रोड के नीचे रेलवे ट्रैक के पास शनिवार को 25 वर्षीय युवक का शव दो हिस्सों में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। युवक का सिर रेलवे ट्रैक के एक ओर, जबकि धड़ दूसरी ओर पड़ा मिला। शव देखकर मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
विज्ञापन
सूचना पर पहुंची पंतनगर थाना पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर युवक की पहचान कराने के प्रयास शुरू किए। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और जांच की।
प्रारंभिक तौर पर युवक की ट्रेन से कटकर मौत होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, युवक रेलवे ट्रैक तक किन परिस्थितियों में पहुंचा और हादसा कब हुआ, इसकी जानकारी नहीं मिल सकी है। पुलिस युवक की पहचान करने के साथ ही मौत के कारणों की जांच में जुटी है। घटना के सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर पड़ताल की जा रही है।