रुद्रपुर-काशीपुर मार्ग पर रविवार की देर शाम हुआ हादसा
रुद्रपुर। काशीपुर मार्ग पर रविवार देर शाम गदरपुर की तरफ से आ रही तेज रफ्तार कार ने ट्राजिंट कैंप निवासी मनोरंजन सरकार (79) को टक्कर मार दी। कार के टक्कर से वे काफी दूर जाकर डिवाइडर से टकरा गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने 108 एंबुलेंस से जिला चिकित्सालय पहुंचाया। जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि जिस निजी वाहन से व्यक्ति की टक्कर हुई उसमें पुलिस कर्मी सवार थे।
ट्रांजिट कैंप वार्ड तीन निवासी मनोरंजन सरकार धार्मिक आयोजनों में पूजा-पाठ करते थे। परिजनों ने बताया कि वे रविवार सुबह किसी कार्य के लिए दो पहिया वाहन पर सवार होकर दिनेशपुर गए थे। जहां से लौटते समय उन्होंने अपना वाहन मार्ग में ग्राम जाफरपुर के पास सड़क किनारे खड़ा किया और सामान लेने के लिए पैदल सड़क पार करने लगे। इसी दौरान गदरपुर की ओर से तेज गति से आती कार संख्या यूपी 21 सीडी 6830 के चालक ने उन्हें टक्कर मार दी।
इससे वे डिवाइडर से जा टकराए और गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजनों का आरोप है कि जिस कार से टक्कर हुई उसमें पुलिस कर्मी सवार थे। घायल को गंभीर हालत में 108 एंबुलेंस से जिला चिकित्सालय ले जाया गया। जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम हाऊस भेज दिया। सोमवार दोपहर पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। जहां उन्होंने मृतक के परिजनों को सांत्वना दी। मृतक मनोरंजन सरकार के चार विवाहित पुत्र और एक विवाहित पुत्री है।