काशीपुर। एक पोल्ट्री फार्म पर काम करने वाले श्रमिक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसका शव कुछ दूरी पर आम के बाग में चारपाई पर पड़ा मिला। मृतक के परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए जांच की मांग की है।
जिला मुरादाबाद थाना ठाकुरद्वारा के ग्राम गंगाधरपुर निवासी रामस्वरूप सिंह (45) पुत्र स्व. रामनाथ सिंह पिछले 15 वर्षों से रामनगर रोड स्थित सोना फार्म में मजदूरी करता था। वह फार्म परिसर में ही परिवार के साथ रहता था। रामस्वरूप शराब पीने का आदी था। वह शुक्रवार दोपहर घर से निकला था। देर शाम घर नहीं पहुंचने पर परिजन तलाश करते हुए बाग में पहुंचे तो वहां रामस्वरूप चारपाई पर लेटा था। वहीं पास में बैठे उसके साथी शराब पी रहे थे। परिजनों ने उसे जगाना चाहा लेकिन वह उठा नहीं। इस पर परिजनों ने उसे सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। कटोराताल चौकी प्रभारी नवीन बुधानी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में उसकी मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। मृतक का विसरा सुरक्षित कर लिया है।
इधर, मृतक के परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए जांच की मांग की है। बताया कि साथ में बैठकर शराब पी रहे एक युवक से उसके पिता से झगड़ा हो चुका है। युवक ने बहन की शादी के बाद उसे देख लेने की धमकी दी थी। मृतक के परिवार में पत्नी गजेंद्री, बेटा रोहित 18 वर्ष, मोहित 15 वर्ष हैं। दोनों बेटे अभी पढ़ाई कर रहे हैं।