काशीपुर। यूपीएससी की परीक्षा में 45वीं रैंक पाने वाली प्रिया सिंह चौहान को कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत ने फोन कर बधाई दी। काशीपुर आने पर मिलने की बात कही। आसपास के लोगों ने ढोल बजा कर और रिश्तेदारों ने मुंह मीठा करा कर बधाई दी।
अलीगंज रोड पर साउथ सिटी कॉलोनी निवासी प्रिया (29) के पिता आरपीएस चौहान ने बताया कि शुक्रवार दोपहर के बाद से रिश्तेदारों और मित्रों के फोन आ रहे हैं।
प्रिया ने बताया कि पहले एसडीएम अभय प्रताप सिंह ने और बाद में कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत ने फोन पर बधाई दी। कमिश्नर ने काशीपुर आने पर मिलने की बात कही है।
आखिरी अटेम्प्ट में प्रिया ने यूपीएससी की परीक्षा को पास किया है। उनका विषय मानव विज्ञान था। प्रिया वर्तमान में गृह मंत्रालय में अकाउंटेंट हैं।